पंजाब में ''AAP'' विधायकों को ही खतरा! MLA कुलवंत सिद्धू को धमकी मिलने के बाद अब...

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 01:16 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में आम आदमी पार्टी के विधायकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर हड़कंप मच गया है। अभी सेंट्रल हलके के विधायक अशोक पाराशर पप्पी को मिली धमकी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि आत्म नगर से विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू की रेकी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात विधायक के घर के बाहर काले शीशों वाली एक संदिग्ध आई-20 कार देखी गई, जिसने पुलिस प्रशासन की रातों की नींद उड़ा दी है।

विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के मुताबिक रात करीब 9:00 बजे वह अपने घर के भीतर कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक काले शीशों वाली संदिग्ध कार उनके घर के बाहर आकर रुकी। करीब दो मिनट तक गाड़ी वहीं खड़ी रही और ऐसा लगा जैसे सवार लोग घर की पहचान कर रहे हों या रेकी कर रहे हों। जैसे ही उनके गनमैन ने संदिग्ध हलचल देखी और उन्हें रोकने की कोशिश की, आरोपी गाड़ी तेज रफ्तार में भगा ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

विधायक कुलवंत सिद्धू ने कहा कि वह किसी भी गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन पर धन-धन बाबा दीप सिंह जी का अटूट आशीर्वाद है और उनके रहते कोई उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता। उन्होंने साफ किया कि वह जनता की सेवा के लिए चुने गए हैं और जनहित के कार्यों से कभी पीछे नहीं हटेंगे। 

आतंकी पन्नू की 'हिट लिस्ट' पर हैं सिद्धू, लगातार आ रही इंटरनेशनल कॉल 

बता दें कि प्रतिबंधित संगठन के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कुछ समय पहले विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू को जान से मारने की सीधी धमकी दी थी। पिछले एक हफ्ते से विधायक के मोबाइल पर लगातार संदिग्ध इंटरनेशनल नंबरों से कॉल आ रही हैं। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें पहले ही सतर्क रहने और अज्ञात विदेशी कॉल न उठाने की हिदायत दी थी। अब घर के बाहर संदिग्ध गाड़ी का दिखना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News