Ludhiana के Posh Gym 'सिद्धू प्रीमियम फिटनेस' में लाखों की धोखाधड़ी, अब मिल रही जान से मारने की धमकी
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 10:19 AM (IST)
लुधियाना(राज): शहर के पॉश जिम 'सिद्धू प्रीमियम फिटनेस' में विश्वासघात और लाखों की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। एक जिम कोच, जिस पर मालिक ने आंख मूंदकर भरोसा किया था, उसी ने जिम के खाते में सेंध लगा दी। थाना टिब्बा की पुलिस ने गुरजीत सिंह की शिकायत पर जांच के बाद आरोपी कोच आशु और पूनम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जिम के रिकॉर्ड और खातों की गहराई से जांच
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता गुरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी आशु उनके जिम 'सिद्धू प्रीमियम फिटनेस' में कोचिंग का काम करता था। मालिक का उस पर इतना भरोसा था कि कोचिंग के साथ-साथ जिम के लेन-देन और हिसाब-किताब की सारी जिम्मेदारी भी आशु को ही सौंपी गई थी। धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब गुरजीत सिंह ने जिम के रिकॉर्ड और खातों की गहराई से जांच की।
पिछले 6 से 7 महीनों के भीतर करीब की बड़ी हेराफेरी
जांच के दौरान उनके पैरों तले जमीन खिसक गई जब पता चला कि आरोपी आशु ने पिछले महज 6 से 7 महीनों के भीतर करीब 20 लाख रुपए की बड़ी हेराफेरी की है। आरोपी ने बड़ी चालाकी से फीस और अन्य फंड्स को अपनी जेब में डाल लिया और मालिक को भनक तक नहीं लगने दी। जब पीड़ित गुरजीत सिंह ने आरोपी से इस गबन के बारे में पूछताछ की और पैसों का हिसाब मांगा, तो आरोपी ने अपनी गलती मानने के बजाय सरेआम जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

