ओवरलोडेड टिप्पर ने बाइक सवार को 15 फुट तक घसीटा, दोनों पैर बुरी तरह डैमेज, हालत गंभीर

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 08:36 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर के बिजली घर के नजदीक एलिवेटेड पुल पर बीती रात तेज रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला कि एक 45 टन रेत से लदे भारी-भरकम और ओवरलोडेड टिपर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। रफ्तार का जुनून इस कदर हावी था कि टक्कर मारने के बाद भी चालक ने ब्रेक नहीं लगाई और बेबस बाइक सवार को सड़क पर करीब 15 फुट तक घसीटता चला गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले दर्दनाक हादसे में युवक के दोनों पैर बुरी तरह से कुचले गए हैं।

खून से लथपथ हुए इस पीड़ित की पहचान 38 वर्षीय विशाल मल्होत्रा के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मौजूद विशाल के चचेरे भाई ने बताया कि विशाल सलेम टाबरी इलाके में एक छोटी सी सेल की दुकान चलाता है, जिससे उसके पूरे परिवार का गुजर-बसर होता है। रोज की तरह रात को अपना काम खत्म करके वह अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। रास्ते में एक ई-रिक्शा के पास अचानक पीछे से काल बनकर आ रहे इस 45 टन के भारी-भरकम टिपर ने उसे रौंद डाला। हादसा इतना खौफनाक था कि विशाल की बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके पैरों के चीथड़े उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद विशाल के दोस्त ने बिना एक पल गंवाए मुस्तैदी दिखाई और लहूलुहान हालत में उसे तुरंत सीएमसी (CMC) अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक विशाल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद बेरहम टिपर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और रेत से ओवरलोड हुए टिपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News