पंजाब में घनी धुंध के कारण हादसे, घंटों तक यातायात रहा प्रभावित

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 04:38 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): पंजाब में भले ही शीत लहर का प्रभाव कम हो गया है, लेकिन शुक्रवार रात को अचानक छाई घनी धुंध के कारण गुरदासपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसे होने का समाचार प्राप्त हुआ है। एक हादसा सठियाली पुल पर पुलिस नाके के पास हुआ, जिसके कारण कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, गांव सठियाली के पास पुलिस नाके वाले पुल पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन ट्रैक्टर और ट्रॉली का काफी नुकसान हुआ है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल के बीच में ट्रक के साथ फंस गए, जिस कारण गुरदासपुर से श्री हरगोबिंदपुर, बटाला और मुकेरियां जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया।

हादसे के कारण लगे जाम को देखते हुए थाना काहनूवान की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैफिक को काला बाला और काहनूवान के आंतरिक रास्तों के माध्यम से डायवर्ट किया ताकि राहगीरों को मुश्किल न हो। इसी दौरान पुल के दूसरी ओर गांव भिखारी हारनी के सामने भी धुंध के कारण एक टिप्पर और कार की टक्कर हो गई। हालांकि इस हादसे में कार का भारी नुकसान हुआ, लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और दोनों पक्षों के बीच मौके पर ही समझौता हो गया।

PunjabKesari

हादसे की सूचना मिलते ही गांव ठक्कर संधू के पूर्व सरपंच कामरेड अजीत सिंह ठक्कर संधू भी किसानों की मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि यह पुल बहुत तंग (भीड़ा) है, जिस कारण यहाँ आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने सरकार की निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर कीचड़ उछालने में मसरूफ हैं, लेकिन सार्वजनिक सुविधाओं और ऐसे खतरनाक पुलों को चौड़ा करने की ओर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने मांग की कि किसी बड़े जानी नुकसान से पहले इस पुल को तुरंत चौड़ा किया जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News