युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पिता ने उठाया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 02:22 PM (IST)
फिरोजपुर (आनंद): थाना सदर फिरोजपुर की पुलिस ने एक लड़की को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाने और इस घटना के बाद उसके पिता द्वारा खुदकुशी करने के मामले में चार व्यक्तियों के खिलाफ धारा 108, 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता पिप्पल सिंह पुत्र दयाल सिंह, निवासी बस्ती खुशहाल सिंह वाली, गांव दुल्लेवाला ने बताया कि उसका भाई बख्शीश सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। उसकी भतीजी मनप्रीत कौर को कथित तौर पर योसब (पुत्र सुखविंदर सिंह), सुखविंदर सिंह और नीलम (पत्नी सुखविंदर सिंह, निवासी कोठे राय साहब) बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस घटना के कारण बख्शीश सिंह मानसिक रूप से परेशान हो गया और बदनामी के डर से उसने कोई जहरीली चीज निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस संबंध में पुलिस को सिविल अस्पताल फिरोजपुर से सूचना मिलने के बाद बयान दर्ज किए गए। इस मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार सेवक सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों पर उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

