पराली जलाने वालों के खिलाफ प्रशासन का बड़ा एक्शन, ठोका जुर्माना
punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 05:51 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): जिला बरनाला में धान की पराली को आग लगाने से रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है और निगरानी टीमों द्वारा खेतों में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी के तहत डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह और एस.एस.पी. मोहम्मद सरफराज आलम ने गांव जोधपुर के खेतों का विशेष दौरा किया। दौरे के दौरान अधिकारियों ने खेतों में बेलर मशीनों के जरिए पराली की गांठें बना रहे किसानों और मशीनरी मालिकों से सीधी बातचीत की तथा पर्यावरण हितैषी पहल के लिए उनकी भरपूर प्रशंसा की।
डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह ने कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बीते कल तक जिले में आग लगने के कुल 83 मामले सामने आए हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाते हुए अब तक 29 चालान काटे जा चुके हैं और 1 लाख 45 हजार रुपये का पर्यावरण मुआवजा (जुर्माना) लगाया गया है। फील्ड स्टाफ की जमीनी पड़ताल के अनुसार 31 स्थानों पर आग न लगने की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी बचे मामलों की विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि बाकी स्थानों की रिपोर्ट तुरंत सौंपी जाए ताकि दोषियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने किसान समुदाय से पुरजोर अपील की कि वे वायु प्रदूषण को रोकने के लिए पराली को आग लगाने से परहेज करें और कृषि विभाग, सहकारी सभाओं व नोडल अधिकारियों से संपर्क साधकर उपलब्ध मशीनरी के जरिए पराली का उचित निपटारा करें। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि हवा को जहरीली बनाने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन पूरी सख्ती से पेश आएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

