लोगों को एक और झटका! पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG के बढ़े दाम, नई दरें लागू

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 06:11 PM (IST)

जालंधर : देशभर में लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, फिर दूध के दाम बढ़े और अब पंजाब-चंडीगढ़ के लोगों को सीएनजी के बढ़े हुए दामों का झटका लगा है, जिसके चलते गैस से चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर अब अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। खास तौर पर टैक्सी चालकों, ऑटो ड्राइवरों और रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार थिंक गैस कंपनी ने सीएनजी की कीमत में 2 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की तरफ से भी CNG के दामों में 1.25 रुपए प्रति किलो का इजाफा किया है। नई कीमतें बीते दिन से लागू हो चुकी हैं, जिसके बाद सीएनजी भरवाने पहुंचे लोगों को बढ़े हुए रेट चुकाने पड़े।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। कंपनियों का कहना है कि लंबे समय से बढ़ती लागत के कारण उन्हें घाटा उठाना पड़ रहा था, जिसके चलते अब कीमतों में बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया था। इसी वजह से कंपनियों ने सीएनजी के रेट बढ़ाकर घाटे की भरपाई शुरू कर दी है।

सीएनजी को अब तक पेट्रोल और डीजल के मुकाबले सस्ता और किफायती ईंधन माना जाता था। बड़ी संख्या में लोगों ने बढ़ते पेट्रोल-डीजल के खर्च से बचने के लिए अपने वाहन सीएनजी में कन्वर्ट करवाए थे, लेकिन अब लगातार बढ़ रही गैस की कीमतों ने उनकी बचत पर भी असर डालना शुरू कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News