खाकी पर दाग! पुलिसकर्मियों पर 15 एकड़ गेहूं उड़ा ले जाने का आरोप, केस दर्ज

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 04:54 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): जिले के गांव गुरुसर जग्गा में खाकी वर्दी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पंजाब पुलिस से जुड़े बताए जा रहे दो लोगों पर दिनदहाड़े 15 एकड़ गेहूं की फसल जबरन कटवाकर ले जाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। शिकायत मिलते ही थाना तलवंडी साबो पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता अक्विंदर कौर ने बताया कि उनके पति अमनिंदर सिंह हत्या के एक मामले में जेल में बंद हैं और उनके नाम पर करीब 17 एकड़ जमीन है। इस साल फसल की कटाई उनके भाई सैलदीप सिंह ने करवाई थी, जिसे अस्थायी तौर पर तलवंडी साबो निवासी खेता सिंह के पास रखवाया गया था।

आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वीरपाल कौर और उनके पति सुखविंदर सिंह जो मानसा में पुलिस विभाग में तैनात बताए जा रहे हैं अपने साथियों के साथ खेत में पहुंचे। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और कंबाइन मशीन के जरिए करीब 15 एकड़ गेहूं की फसल कटवाकर जबरन उठा ले गए। उनके साथ गुरविंदर सिंह निवासी गुरुसर जग्गा समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।

पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने और उनके भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वीरपाल कौर, सुखविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच कितनी निष्पक्ष और तेज़ी से आगे बढ़ती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News