मोगा में अमित शाह का बड़ा ऐलान: 2027 में पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 05:55 PM (IST)

पंजाब डेस्क :  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोगा के किल्ली चहलां में 2027 की विधानसभा चुनावों का बिगुल बजाते हुए पहली बार पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया। शाह ने कहा कि नानकशाही कैलेंडर के अनुसार आज नए साल की शुरुआत हुई है, और उन्होंने पूरे विश्व में बसे पंजाबियों को नए साल की बधाई दी। सिख गुरुओं के बलिदान को नमन करते हुए उन्होंने कहा, "मेरे सिर पर जो पगड़ी है, वह पूरे भारत में गुरु घर का प्रतीक है।" अमित शाह ने बताया कि आज से BJP पंजाब में 2027 की विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार की शुरुआत कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब छोटे भाई के रूप में नहीं बल्कि मुख रूप से पंजाब की सत्ता में आने वाली है। शाह ने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि अगर पंजाब को नशे से मुक्त करना है तो केवल BJP और मोदी सरकार ही ऐसा कर सकती है।

AAP सरकार पर बड़ा हमला

  • अमित शाह ने कहा कि पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) पर जमकर निशाना साधते कहा कि AAP ने 25 लाख नौकरियों का वादा, चंद महीनों में नशा मुक्त पंजाब बनाने, 16 हजार सरकारी दवाखाने बनाने, पेंशन बढ़ाकर 2,500 रुपए करने, खनन से 20 हजार करोड़ की आमदनी बढ़ाने, सभी फसलों पर MSP देने, और सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने का वादा किया था, लेकिन अब तक कुछ पूरा नहीं हुआ।

  • शाह ने कहा कि AAP सरकार केवल वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए, क्योंकि दिल्ली से चार लोग आकर पंजाब का खजाना लूट रहे हैं और पंजाब की सरकार केवल केजरीवाल का ATM बन गई है।  शाह ने हाल के घोटालों का जिक्र किया:

  • जालंधर स्मार्ट सिटी योजना

  • बरनाला ट्रक यूनियन घोटाला

  • खडूर साहिब में घोटाला

  • आंगनवाड़ी में घोटाला

  • 100 करोड़ की उगाही के मामले

शाह ने कहा कि AAP नेताओं ने सिर्फ अपना चेहरा दिखाने के लिए 800 करोड़ रुपये खर्च किए, और यह भ्रष्टाचारी सरकार पंजाब का भला नहीं कर सकती।

कानून व्यवस्था और नशे पर जोर

  • अमित शाह ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था बहुत खराब है।
  • 2026 की शुरुआत में सरपंचों की हत्या हुई।
  • पुलिस स्टेशन में सिपाही की हत्या हुई।
  • पंजाब में रोज़ाना हत्या और उगाही हो रही है।

उन्होंने कहा कि AAP में दमखम नहीं है, और कांग्रेस व अकाली दल पहले भी नशे का कारोबार नहीं रोक सके। केवल BJP ही नशे पर काबू पा सकती है।
शाह ने जनता से कहा कि "हमें आशीर्वाद दीजिए, हम दो साल में नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।"

PunjabKesari

धर्म परिवर्तन पर सख्त कार्रवाई
अमित शाह ने ऐलान किया कि सत्ता में आते ही धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के लिए बिल संसद में लाया जाएगा। उन्होंने कहा,  "पंजाब में नशा और जबरन धर्म परिवर्तन दोनों को समाप्त किया जाएगा।"

किसानों और कृषि के लिए घोषणाएं
शाह ने किसानों के हित में कई घोषणाएं कीं नाफेड (NAFED)  के माध्यम से तिलहन और मक्का की फसल MSP पर खरीदी जाएगी। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए फर्टिलाइजर के उपयोग को कम किया जाएगा। किसानों को सालाना 6 हजार रुपए, और 13,050 करोड़ रुपए किसानों को सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि AAP और राहुल गांधी किसानों को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार ने गेहूं और धान की खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित की।

सिख पंथ और करतारपुर साहिब पर बयान
शाह ने कहा कि 1984 के सिख दंगों के खिलाफ BJP सरकार ने 350 केस दर्ज किए और दोषियों को जेल में डाल दिया, जबकि कांग्रेस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि हर सिख दंगा पीड़ित परिवार को 5 लाख का मुआवजा दिया गया। शाह ने करतारपुर साहिब के मामले पर कहा कि "अगर हम उस समय होते तो करतारपुर साहिब को पंजाब में ही रखते। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा करतारपुर कॉरिडोर खोलने, सिख पंथ के संरक्षण और साहिबाजादों के बलिदान को पूरे देश में सम्मान देने के प्रयासों की भी तारीफ की।

बजट और वित्तीय घोषणाएं
शाह ने बताया कि कांग्रेस के समय पंजाब का बजट 22 हजार करोड़ था, जिसे BJP की मोदी सरकार ने बढ़ाकर 1 लाख 40 हजार करोड़ किया। उन्होंने कहा कि यह कदम किसानों और आम जनता के लिए लाभकारी रहा। इस रैली में अमित शाह ने साफ संदेश दिया कि BJP पंजाब में 2027 के चुनावों में सत्ता हासिल करने के लिए पूरी तैयारी में है, और राज्य के नशा, भ्रष्टाचार और आर्थिक संकट को समाप्त करना उनकी प्राथमिकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News