अमृतसर में 100 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर छिड़ा विवाद, दो पक्ष आमने-सामने, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 12:28 PM (IST)

अमृतसर (रमन): अमृतसर में एक बड़े जमीनी विवाद ने उस समय तनावपूर्ण रूप धारण कर लिया जब 2 पक्षों के बीच प्लॉटों और सांझी जमीन को लेकर तकरार हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू करने की कोशिश की गई। इस दौरान दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे है।     

मौके पर पहुंचे डी.एस.पी. यादविंदर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच प्लॉटों और सांझे कारोबार को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और मेरिट के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी। डी.एस.पी ने कहा कि पुलिस को 112 पर कॉल के जरिए सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और CCTV फुटेज समेत सभी सबूतों की जांच की जा रही है।

इस मौके पर पीड़ित पक्ष के सदस्य हरिंदर सिंह ढिल्लों, जो खुद को “होली सिटी” कॉलोनी का मालिक और डेवलपर बता रहे थे, ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह करीब 40 एकड़ जमीन का मामला है, जिसमें उनका 50 परसेंट हिस्सा है। उनका दावा है कि यह जमीन साल 2000 में मिलकर खरीदी गई थी, लेकिन अब कुछ लोग गलत कागजात और NOC के आधार पर इस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

हरिंदर सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि वह और उनका परिवार पिछले कई दिनों से शांति से धरने पर बैठे थे, लेकिन उन्हें जबरदस्ती हटाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस और कुछ अनजान लोगों ने उनके और उनके परिवार के साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट की। उनके मुताबिक, उनके बेटे, बेटी और परिवार के दूसरे सदस्यों को भी चोटें आई हैं।

ढिल्लों ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ प्रभावशाली लोग और प्रॉपर्टी के धंधे से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस जमीन की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है और इस पर कब्जा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास पूरी घटना का वीडियो और CCTV रिकॉर्डिंग है।

पीड़ित परिवार ने सरकार और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उनकी जान को खतरा है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News