Amritsar : मृतक डीएम रंधावा मामले में इंसाफ की मांग, परिवार ने निकाला कैंडल मार्च

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 12:23 AM (IST)

अमृतसर: मृतक डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के मामले में इंसाफ न मिलने से नाराज परिवार और स्थानीय लोगों ने आज रंजीत एवेन्यू से थाना रंजीत एवेन्यू तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

परिवार का कहना है कि घटना को 44 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केवल एक ही गिरफ्तारी हुई है, जबकि बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। मृतक की पत्नी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “देर से मिलने वाला इंसाफ भी इंसाफ नहीं होता।” उन्होंने बताया कि कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बावजूद सरकार और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

परिजनों ने मांग की है कि मामले की जांच CBI से करवाई जाए और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि चीफ सेक्रेटरी द्वारा की जा रही जांच की भी अब तक कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है, जिससे सरकार पर उनका भरोसा कम होता जा रहा है।

इस दौरान परिवार के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर संघर्ष करने को मजबूर होंगे। जरूरत पड़ने पर थाना के बाहर धरना भी दिया जाएगा।

कैंडल मार्च में स्थानीय लोग और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल हुए और परिवार को समर्थन दिया। परिवार ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे इंसाफ की इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगे।

परिवार का कहना है कि अगर आरोपियों को समय रहते गिरफ्तार नहीं किया गया तो मामला और गंभीर रूप ले सकता है। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर न्याय दिलाया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News