Amritsar : सी.एम. के दौरे दौरान शहर में भारी ट्रैफिक जाम! स्कूली बच्चों सहित कई लोग घंटों फंसे

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 05:30 PM (IST)

अमृतसर (विक्रमजीत) : पंजाब के मुख्यमंत्री के अमृतसर दौरे के दौरान शहर की सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। सुरक्षा प्रबंधों और रास्ते बंद किए जाने के कारण शहर के कई मुख्य मार्ग घंटों तक प्रभावित रहे, जिससे आम लोगों को तपती गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की रोजमर्रा की रफ्तार उस समय थम सी गई जब लोग अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।

खास तौर पर स्कूलों की छुट्टी के समय हालात और गंभीर हो गए। स्कूली बच्चों को घर लौटते समय भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। कई बच्चे गर्मी के कारण बेहाल नजर आए, जबकि अभिभावक भी अपने बच्चों को लेने के लिए सड़कों पर लंबे समय तक जाम में इंतजार करते दिखाई दिए। जब कई बच्चे समय पर घर नहीं पहुंचे तो लोग काफी परेशान हो गए और उन्होंने सरकार को कोसा।
 
कोर्ट रोड और अन्य मुख्य मार्ग सुबह से ही साफ और खुले नजर आए। प्रशासन की ओर से रेहड़ियों को सड़कों पर लगने नहीं दिया गया ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक प्रभावित न हो। हालांकि, लोगों में यह चर्चा का विषय बना रहा कि जैसे ही सीएम का दौरा खत्म हुआ, रेहड़ियां दोबारा सड़कों पर लगनी शुरू हो गईं। इस पर लोगों ने सवाल उठाए कि अगर प्रशासन चाहे तो आम दिनों में भी ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखा जा सकता है।

आम लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन रोजाना इसी तरह जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाए तो अमृतसरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी राहत मिल सकती है। इससे शहर की ट्रैफिक जैसी बड़ी समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है और शहर की छवि भी अधिक सुंदर बन सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News