दोस्तों संग नहर में नहाने गया अनमोल नहीं लौटा, पूरी रात चलता रहा सर्च ऑपरेशन

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 03:13 PM (IST)

लुधियाना (राज); महानगर के न्यू सतगुरु नगर (लोहारा) इलाके से एक बेहद दुखद और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां रविवार दोपहर को दोस्तों के साथ लोहारा नहर में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर अनमोल अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से लापता हो गया। घटना के बाद से ही इलाके में हड़कंप मच गया है और देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया है, लेकिन फिलहाल सफलता हाथ नहीं लगी है। जानकारी देते हुए अनमोल के पिता दीपक ने बताया कि रविवार दोपहर को उनका बेटा अनमोल अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से लोहारा नहर में नहाने की बात कहकर निकला था। नहर में नहाते समय पानी का बहाव बेहद तेज था, जिसकी चपेट में अनमोल अचानक आ गया और देखते ही देखते वह पानी के गहरे और तेज बहाव में बह गया। शाम होने के बाद भी जब अनमोल वापस घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों की चिंता बढ़ने लगी।

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर दोस्तों से पूछताछ की और नहर के आसपास काफी देर तक तलाश की, लेकिन जब उसका कहीं कोई पता नहीं चला तो किसी अनहोनी की आशंका से घबराकर उन्होंने तुरंत मराडो पुलिस चौकी और थाना डाबा में दस्तक दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाकर अपने लाडले को ढूंढने की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही डाबा पुलिस तुरंत हरकत में आई और बिना समय गंवाए नहर के आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू कर दी गई। पुलिस प्रशासन ने तुरंत गोताखोरों की विशेष टीम को बुलाकर नहर के गहरे पानी में अनमोल की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हालांकि, अंधेरा अधिक होने और पानी का बहाव तेज होने के कारण देर रात तक अनमोल का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को भी सुबह से ही गोताखोरों की मदद से इस तलाशी अभियान को दोबारा और बड़े स्तर पर जारी रखा जाएगा और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, हादसे के बाद से अनमोल के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News