सिविल अस्पताल से फिर हथकड़ी से हाथ निकाल फरार हुआ एक और शातिर आरोपी, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 09:01 AM (IST)
लुधियाना, (राज): सिविल अस्पताल से फिर एक शातिर आरोपी हथकड़ी से हाथ निकालकर सरेआम फरार हो गया। आरोपी के ऐसे भागने की घटना ने खाकी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यहाँ थाना डिवीजन नंबर-3 के अंतर्गत आती पुलिस चौकी धर्मपुरा की पुलिस टीम जब तीन आरोपियों का सरकारी मेडिकल करवाने अस्पताल पहुँची, तो वहां लगी भारी भीड़ का फायदा उठाकर एक आरोपी बड़ी चालाकी से हथकड़ी का लॉक ढीला पाकर हाथ बाहर निकाल गया और पलक झपकते ही फरार हो गया।
पुलिस मुलाजिमों के हाथ-पैर फूल गए
अस्पताल में आरोपी के फरार होते ही पुलिस मुलाजिमों के हाथ-पैर फूल गए और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, मगर वह भागने में कामयाब हो गया। थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने फरार आरोपी लोटन के खिलाफ हिरासत से भागने की संगीन धाराओं के तहत एक और नया मुक़दमा दर्ज कर उसकी धर-पकड़ के लिए पूरे शहर में नाकाबंदी कर अलर्ट जारी कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, इस मामले के जांच अधिकारी ए.एस.आई. राम मूर्ती जो कि पुलिस चौकी धर्मपुरा, थाना डिवीजन नंबर-3 में बतौर तफ्तीशी अफसर तैनात हैं, उन्होंने बताया कि बीती 10 जुलाई को पुलिस ने इलाके में अशांति फैलाने और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में तीन आरोपियों— गौरव कुमार, बबलू कुमार और लोटन के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत कलंदरा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया था।
सिविल अस्पताल की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुँची
अगले दिन 11 जुलाई को नियमानुसार इन तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करने से पहले सरकारी मेडिकल जांच के लिए ए.एस.आई. राम मूर्ती और हवलदार मोहन सिंह पुलिस पार्टी के साथ सिविल अस्पताल लुधियाना लेकर पहुँची थी। उनका कहना है कि शनिवार होने के कारण सिविल अस्पताल के एमर्जेंसी व ओपीडी वार्ड के बाहर मरीजों और उनके तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। पुलिस मुलाजिम तीनों आरोपियों को एक साथ लेकर डॉक्टरों के कैबिन की तरफ बढ़ रहे थे। तभी तीनों में से एक शातिर आरोपी लोटन ने एक सोची-समझी साज़िश के तहत अपने हाथ पर लगी लोहे की हथकड़ी को अंदर ही अंदर मरोड़ा और भीड़ के धक्के का फायदा उठाते हुए बड़ी सफाई से अपना हाथ हथकड़ी के छल्ले से बाहर खींच लिया। इससे पहले कि साथ चल रहे हवलदार मोहन सिंह या एएसआई कुछ समझ पाते, आरोपी लोटन ने चीते जैसी फुर्ती दिखाई और अस्पताल की भारी भीड़ में विलीन होते हुए मुख्य गेट से बाहर भाग निकला। अस्पताल परिसर जैसी जगह से आरोपी के सरेआम भाग जाने की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 और चौकी सिविल अस्पताल की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने अस्पताल के भीतर और बाहर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी
जांच अधिकारी ए.एस.आई. राम मूर्ती के बयानों पर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी लोटन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं (हिरासत से भागने का प्रयास) के तहत एक और नया आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे दोबारा दबोच लिया जाएगा। इसके साथ ही, इस मामले में ड्यूटी पर मौजूद पुलिस मुलाजिमों की लापरवाही की भी विभागीय जांच के आदेश दिए जा सकते हैं।

