विवादित पत्रकार गुरदीप सिंह उर्फ मुन्ना पर एक और FIR, इन धाराओं में हुई कार्रवाई

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 07:50 PM (IST)

जालंधर : बहुचर्चित और कथित रूप से विवादित सोशल मीडिया पत्रकार (युवा सवेरा) गुरदीप सिंह उर्फ मुन्ना के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना डिवीजन नंबर-2 में FIR नंबर 0151, दिनांक 03/09/2026 दर्ज की गई है। आरोप है कि पत्रकारिता की आड़ में धक्का-मुक्की करना, डराना-धमकाना, अभद्र भाषा का प्रयोग करना, मारपीट करना, ब्लैकमेल करना तथा वीडियो फ्लैश करना उसकी आदत बन चुकी है।

गुरदीप सिंह तलवाड़ उर्फ मुन्ना निवासी 317, भगत सिंह कॉलोनी, जालंधर के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज होने की बात कही गई है। इनमें हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, मारपीट, पैसों के लिए ब्लैकमेल करने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने जैसे आरोपों से जुड़े मामले शामिल हैं। ये मामले अदालतों में विचाराधीन बताए गए हैं।

अब उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-2 में एक और मामला दर्ज किया गया है। यह मुकदमा नवीन कुमार निवासी जालंधर कैंट की लिखित शिकायत पर दर्ज हुआ है। पुलिस ने BNS की धाराओं 126(2), 131(2), 351, 352 और 356(2) के तहत कार्रवाई की है।

गौरतलब है कि आरोप है कि गुरदीप सिंह ने आदर्श नगर स्थित गैस एजेंसी के कार्यालय के बाहर कथित तौर पर दबंगई और हंगामा किया तथा कानून की धज्जियां उड़ाईं। इसी आधार पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, FIR No. 91/2026 थाना डिवीजन नंबर-8 में दर्ज मामले में उसकी अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद दायर की गई अपील अभी अदालत में लंबित बताई जा रही है। इसके अलावा FIR No. 48/2024 थाना डिवीजन नंबर-1, जालंधर में दर्ज मामला भी अदालत में विचाराधीन है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News