एक बार फिर कांप गया पंजाब, पड़ोसी की सिर में गोली मारकर ह\त्या
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 10:16 AM (IST)
मोगा (कशिश) : पंजाब में लगातार हो रही घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसी बीच मोगा जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां धर्मकोट कस्बे के गांव कैला में बीती शाम एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि अवैध संबंधों की रंजिश के चलते यह घटना की गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पड़ोसी के सिर में अपनी 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक भरपूर सिंह और आरोपी इंदरजीत सिंह एक ही मोहल्ले में रहते थे। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी के साथ आरोपी के अवैध संबंधों को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। भरपूर सिंह अक्सर इंदरजीत को अपने घर आने से मना करता था, जो इंदरजीत को मंजूर नहीं था।
शराब के नशे में की गई थी घटना
DSP धर्मकोट जसविंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे आरोपी इंदरजीत सिंह शराब के नशे में आया और भरपूर सिंह पर हमला कर दिया। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और भरपूर सिंह के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से भरपूर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी इंदरजीत सिंह मौके से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। DSP ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

