Jalandhar : MLA रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद करीबियों ने किया किनारा
punjabkesari.in Sunday, May 25, 2025 - 08:07 PM (IST)

जालंधर (धवन) : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा 'आप' विधायक रमन अरोड़ा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किए जाने के बाद, उनके आसपास के नेताओं ने उनसे दूरी बना ली है। सभी को यह डर सताने लगा है कि कहीं विजिलेंस उनके खिलाफ भी कार्रवाई न कर दे।
विजिलेंस इस मामले में पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। रमन अरोड़ा के साथ चलने वाले मंत्रियों ने भी अब उनसे किनारा कर लिया है। बताया जा रहा है कि रमन अरोड़ा से मिलने और काम करवाने के लिए जाने वाले आम आदमी पार्टी के वॉलंटियर भी अब दूर हो गए हैं।
कल तक रमन अरोड़ा के कहने पर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में काम होते थे, लेकिन अब उस क्षेत्र के पार्षद भी उनसे दूरी बना चुके हैं। उन्हें यह बात समझ आ गई है कि आम आदमी पार्टी अब 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में रमन अरोड़ा को टिकट नहीं देगी।
पिछले दिनों जब विजिलेंस अधिकारी रमन अरोड़ा को गिरफ्तार करने उनके निवास स्थान पर पहुंचे, तो उस समय न तो कोई 'आप' नेता वहां पहुंचा और न ही कोई वॉलंटियर। उनके क्षेत्र में जब उनके एक खास एसीपी को पंजाब पुलिस ने ट्रांसफर कर दिया था, तब रमन अरोड़ा ने उसे बचाने के लिए चंडीगढ़ तक दौड़ लगाई थी, लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ।
उसके बाद से रमन अरोड़ा की ताकत को एक के बाद एक करके कमजोर किया जाने लगा। पहले उनकी सुरक्षा हटाई गई, फिर सरकारी गाड़ी भी वापस ले ली गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं को यह अंदेशा हो गया था कि अब रमन अरोड़ा के दिन गिनती के ही रह गए हैं। अब गिरफ्तारी के बाद न तो कोई बड़ा नेता विजिलेंस कार्यालय में उनसे मिलने गया और न ही कोई वॉलंटियर। उनके नजदीकी लोग भी अब यह जताने की कोशिश कर रहे हैं कि उनका रमन अरोड़ा से कोई लेना-देना नहीं था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here