विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर लुधियाना में हाई-लेवल समीक्षा बैठक, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 02:35 PM (IST)

लुधियाना (राज): पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस तंत्र पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के दिशा-निर्देशों के तहत डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी, लुधियाना की अध्यक्षता में बचत भवन के मीटिंग हॉल में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस कमिश्नर लुधियाना, एसएसपी लुधियाना (देहाती), एसएसपी खन्ना, जिले के सभी 14 रिटर्निंग अफसर (ROs), 292 सेक्टर अफसर और सभी हलका डीएसपी (DSPs) सहित सिविल व पुलिस काउंटरपार्ट्स ने भाग लिया।बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु जिले के संवेदनशील व अति-संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों की मैपिंग करना रहा। जिला चुनाव अधिकारी ने सिविल और पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से फील्ड में उतरकर ऐसे इलाकों की पहचान करने के निर्देश दिए जहां मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो। अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए गए कि जमीनी हकीकत का जायजा लेकर तुरंत सुरक्षा का पुख्ता प्लान तैयार किया जाए ताकि हर मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

खर्च के लिहाज से संवेदनशील हलकों और पॉकेट्स (ESCs & ESPs) पर कड़ा पहरा

चुनावों में धन-बल, शराब और नशीले पदार्थों के अवैध इस्तेमाल पर लगाम कसने के लिए एक्सपेंडिचर सेंसिटिव कॉन्स्टिट्यूएंसीज (ESCs) और एक्सपेंडिचर सेंसिटिव पॉकेट्स (ESPs) की समीक्षा की गई। जिला चुनाव अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन हलकों या इलाकों में अत्यधिक नकदी या अन्य प्रलोभनों के वितरण का इतिहास रहा है, वहां फ्लाइंग स्क्वॉड (FST) और स्टेटिक सर्विलांस टीमों (SST) की तैनाती बढ़ाई जाए। इसके साथ ही अंतर-जिला व प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा गया।

PunjabKesari

मास्टर ट्रेनर ने दी अधिकारियों को तकनीकी ट्रेनिंग

बैठक के दौरान डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर (DLMT) बृज मोहन भारद्वाज ने उपस्थित अधिकारियों को पोलिंग स्टेशनों की 'वल्नरेबिलिटी और क्रिटिकल मैपिंग' की प्रक्रिया, मानदंडों और चुनाव आयोग के नियमों के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि किस आधार पर किसी बूथ को क्रिटिकल घोषित किया जाता है और वहां वीडियोग्राफी, वेबकास्टिंग तथा माइक्रो-ऑब्जर्वर की तैनाती के क्या नियम हैं।

आयोग के नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के आदेश

जिला चुनाव अधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि भारत चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि सिविल प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में पूरा करवाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News