लुधियाना में ट्रैफिक को लेकर बड़ा फैसला! इन सड़कों पर हैवी वाहनों की एंट्री बंद, जानें टाइमिंग

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 10:55 PM (IST)

लुधियाना (सुरिंदर सन्नी): शहर के कई इलाकों में त्योहारों के बीच चल रहे निर्माण कार्यों के चलते ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ चुकी है। इसी बीच ट्रैफिक पुलिस ने इस बिगड़ी व्यवस्था पर काबू पाने के लिए कई प्वाइंटों पर हैवी वाहनों की एंट्री को बंद कर दिया है। इसमें राहों रोड, समराला चौक से लेकर आत्म पार्क चौक एलिवेटेड कॉरिडोर तथा शहर का अंदरूनी इलाका भी शामिल है। राहो रोड पर चल रहे रेनवाटर ड्रेनेज कार्य के कारण ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही थी। पिछले कुछ दिनों में रेत का एक टिप्पर पलटने के साथ-साथ हैवी वाहनों के कारण रेनवाटर ड्रेनेज सिस्टम की बनाई गई होदियां भी टूटने के मामले सामने आए। इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने जायजा लिया और सारी स्थिति अधिकारियों के ध्यान में लाई गई। 

जिसके नतीजे में राहों रोड पर दिन के समय हैवी वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है जिसमें टिप्पर तथा ट्रक भी शामिल रहेंगे। इस संबंधी निर्माण कंपनी को भी कहा गया है कि वह अपने स्तर पर वालंटियर लगाएं ताकि मेहरबान चुंगी के पास से ट्रकों और टिप्परों के आने पर रोक लगाई जा सके। 

वही एलिवेटेड कॉरिडोर का हिस्सा समराला चौक से लेकर आत्म पार्क चौक तक भी शाम के 5 बजे से लेकर 9 बजे तक हैवी वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। हालांकि इसमें पैसेंजर बसों तथा इमरजेंसी वाहनों को छूट रहेगी। इसी प्रकार शहर में जो पहले से ही दिन के समय हैवी वाहनों की एंट्री बंद की गई है उसकी यथास्थिति बनी रहेगी। इस संबंधी ए.सी.पी. ट्रैफिक जतिन बांसल द्वारा एक वीडियो संदेश भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कर लोगों से सहयोग की अपील की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News