Amritsar Airport पर यात्रियों को मिली खास सुविधा, अब नहीं दिखाने पड़ेंगे दस्तावेज
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 06:06 PM (IST)
अमृतसर: श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिजीयात्रा सुविधा का लाइव ट्रायल 1 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। इस सुविधा के शुरू होने से ई-चिप वाले पासपोर्ट रखने वाले भारतीय अंतरराष्ट्रीय यात्री चेहरे की पहचान (फेस स्कैन) प्रणाली के जरिए टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश कर सकेंगे।
इससे यात्रियों को प्रवेश के दौरान बार-बार अपने दस्तावेज दिखाने की जरूरत कम होगी। इससे प्रवेश प्रक्रिया आसान होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा। एयरपोर्ट पर फेस स्कैनर मशीनें लगाई जा चुकी हैं। इस सुविधा को शुरू करने के लिए जरूरी तैयारियां और टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं।
फिलहाल यह सुविधा केवल ई-चिप पासपोर्ट रखने वाले उन भारतीय नागरिकों के लिए होगी, जो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से विदेश जा रहे हैं। विदेश से अमृतसर आने वाले यात्रियों और घरेलू उड़ानों से सफर करने वालों के लिए इस लाइव ट्रायल के तहत अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस नई तकनीक की शुरुआत को अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों की प्रवेश प्रक्रिया को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

