Amritsar: गाड़ी हटाने को लेकर विवाद... होटल के बाहर युवक की बेरहमी से ह/त्या, CCTV खंगाल रही पुलिस

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 01:53 PM (IST)

अमृतसर: अमृतसर में एक होटल के बाहर हुए विवाद में एक युवक की तलवारों से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विक्की के रूप में हुई है, ये घटना गत रात्र रविवार की है। पुलिस के मुताबिक, विवाद अमृतसर निवासी विक्की और बटाला के रहने वाले 2 भाइयों के बीच हुआ था। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों की ओर से तलवारों से वार किए गए, जिसमें विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

मृतक की पत्नी पूनम ने बताया कि विवाद पड़ोसियों के साथ गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ था। पूनम के अनुसार, रविवार सुबह पड़ोसियों ने सफाई करने के लिए गाड़ी साइड में करने को कहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई थी कि उन्हें चोटें आई हैं। हालांकि, पूनम का दावा है कि किसी को चोट नहीं लगी थी। रात को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति पर हमला किया गया है और उनकी मौत हो गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसीपी रविंदर पाल सिंह ने बताया कि पुलिस को एमजीएम होटल के बाहर झगड़े की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें विक्की और बटाला निवासी दोनों भाइयों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवारों से वार किए।

दो बेटियों का पिता था विक्की

विक्की गिलवाली गेट इलाके में अपनी पत्नी पूनम और 2 बेटियों के साथ रहता था। उसकी एक बेटी 5 साल की और दूसरी 7 साल की है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर झगड़े की शुरुआत और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News