जालंधर में देर रात घर पर हमला, तेजधार हथियारों से लैस युवकों ने की तोड़फोड़
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 11:36 AM (IST)
जालंधर (सोनू): शहर के तेजमोहन नगर इलाके में देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब दर्जनों युवकों ने एक घर पर हमला कर दिया। हमलावर तेजधार हथियारों से लैस बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
खिड़कियों और दरवाजों के शीशे तोड़े
जानकारी के अनुसार दो गुटों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि देर रात करीब 12 से अधिक युवक हथियारों के साथ घर पहुंचे और हमला कर दिया। यहां तक कि घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर खिड़कियों और दरवाजों के शीशे तोड़ दिए । वहीं घर में लगी एलसीडी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।
CCTV खंगाल रही पुलिस
बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और पुरानी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था। पीड़ित पक्ष ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देने की बात कही है। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

