निहंग बाणे में आए हमलावरों ने सैलून कर्मी को बेरहमी से पीटा, CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 10:46 AM (IST)

अमृतसर: थाना सी-डिवीजन के अधीन आते गिलवाली गेट इलाके के पास एक सलून में काम करने वाले युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसे कथित तौर पर जबरन कार में अपहरण करने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह पूरी वारदात सलून और आसपास लगे सी. सी. टी. वी. कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित की पहचान हैप्पी निवासी डैमगंज के रूप में हुई है। उसके अनुसार वह गिलवाली गेट स्थित सलून में काम कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उसे बाहर बुलाकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उसे जबरन कार में बिठाकर ले जाने की कोशिश भी की। मौके पर मौजूद लोगों और सलून संचालकों के हस्तक्षेप के बाद वह उनके चंगुल से बच सका। पीड़ित पक्ष के अनुसार घटना के पीछे करीब 40 से 50 हजार रुपये के कथित लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। हैप्पी ने आरोप लगाया कि रवि कुमार नामक व्यक्ति कुछ अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा था, जिनमें से कुछ व्यक्ति निहंग पहनावे में थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास डंडे और अन्य हथियार थे तथा उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा सलून और आसपास लगे सी. सी. टी. वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस लेन-देन के विवाद, मारपीट और युवक को जबरन वाहन में बिठाने की कथित कोशिश सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News