जालंधर में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश, दीवार फांदते वक्त घायल हुआ स्नैचर

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 09:28 PM (IST)

जालंधर (सोनू): जालंधर में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के फरार होने की कोशिश नाकाम हो गई। बुजुर्ग महिला से कान की बाली छीनने के मामले में गिरफ्तार आरोपी सूरज कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद पुलिस की गाड़ी से उतरकर भागने लगा। इस दौरान दीवार फांदने की कोशिश में वह गिर गया और उसके पैर में गंभीर चोट लग गई।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले लंबा पिंड चौक से किशनपुरा चौक की ओर जा रही एक बुजुर्ग महिला के कान की बाली मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने छीन ली थी। घटना की शिकायत मिलते ही थाना-8 के एसएचओ साहिल चौधरी ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और मुख्य आरोपी सूरज, निवासी मुरादपुर (तरनतारन), को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी सूरज को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। कोर्ट से वापस थाना ले जाते समय आरोपी ने पुलिस की गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश की। फरार होने के प्रयास में आरोपी ने एक दीवार फांदने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके पैर में गहरी चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News