लिविंग रिलेशन में रह रहा कपल जालंधर में हेरोइन के साथ गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 10:21 AM (IST)
जालंधर : सी.आई.ए. स्टाफ ने लैदर काम्पलैक्स रोड पर नाकाबंदी करके कपूरथला में लिविंग रिलेशन में रह रहे कपल को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों जालंधर में हेरोइन की सप्लाई देने के लिए आ रहे थे। पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ पहले भी नाबालिगा को किडनैप करके उसके साथ दुष्कर्म करने का केस दर्ज हैं। दोनों को पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
जानकारी देते ए.सी.पी. (डी) अमरबीर सिंह ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज सुरिंदर कुमार कंबोज को सूचना मिली थी कि एक पुरुष और महिला कपूरथला से जालंधर में हेरोइन की सप्लाई दे रहे हैं। पुलिस ने और इनपुट जुटाए तो पता लगा कि वह दोनों दोबारा से जालंधर में हेरोइन की सप्लाई देने आ रहे हैं।
सी.आई.ए. स्टाफ ने लैदर काम्पलैक्स रोड पर नाकाबंदी कर दी। जैसे ही महिला और पुरुष आते दिखाई दिए तो दोनों को पुलिस ने काबू कर लिया। तलाशी लेने पर दोनों से 101.57 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी नवां पिंड भट्ठे कपूरथला और प्रकाश कौर उर्फ कालो पत्नी जगीर सिंह निवासी पिंड बूटा कपूरथला के रूप में हुई। जांच में पता लगा कि दोनों कपूरथला में लिविंग रिलेशन में रह रहे हैं। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो पता लगा कि रणजीत सिंह के खिलाफ 2018 में पटियाला के थाना जुल्का में नाबालिगा को किडनैप करके उसके साथ दुष्कर्म करने का केस दर्ज है।
वहीं प्रकाश कौर के खिलाफ भी कपूरथला में नशा तस्करी के दो केस दर्ज हैं। ए.सी.पी. अमरबीर सिंह ने कहा कि दोनों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। जो लोग इन्हें हेरोइन बेचते थे, अब उनके बारे पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

