Bathinda Mayor Election: कांग्रेस और ''आप'' के बीच कांटे की टक्कर, कल नए मेयर का फैसला

punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2025 - 08:24 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा) : बठिंडा नगर निगम के मेयर चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच है और दोनों दल अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। चुनाव मंगलवार की रात को अपने अंतिम मोड़ पर पहुंचेगा, जबकि बुधवार को शहर को नया मेयर मिलेगा। बठिंडा नगर निगम में कुल 50 वार्ड हैं, जिनमें से 43 पर कांग्रेस ने पिछली बार जीत दर्ज की थी। 55 वर्षों में पहली बार कांग्रेस को मेयर पद मिला था, जिसका श्रेय पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल को दिया जाता है। हालांकि, अब मनप्रीत बादल भाजपा में शामिल हो चुके हैं, लेकिन नगर निगम में उनका प्रभाव अभी भी बरकरार है। कई पार्षद अब भी उनके समर्थन में हैं और वे ही नए मेयर के चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे।

'आप' का एकमात्र पार्षद बना चुनौती

वर्तमान स्थिति में आम आदमी पार्टी के पास सिर्फ एक ही पार्षद, पदमजीत मेहता हैं, जो 48 नंबर वार्ड से चुने गए थे। इसके बावजूद वे पूरी कांग्रेस पर भारी पड़ते दिख रहे हैं। 5 महीने पहले कांग्रेस के पास 28 पार्षद थे, लेकिन अब उनकी संख्या घटकर आधी रह गई है, जिससे 'आप' को मजबूती मिली है।

कांग्रेस की रणनीति और पार्षदों की नाराजगी

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वडिंग दिल्ली विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने के कारण खुद बठिंडा नहीं आ सके। उन्होंने अपनी पत्नी अमिता वडिंग को पार्षदों से बातचीत करने भेजा, लेकिन उनके बुलावे पर केवल 12 पार्षद ही पहुंचे। बाद में कांग्रेस ने बलजिंदर ठेकेदार को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया। इससे पहले कार्यकारी मेयर अशोक प्रधान ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।

कांग्रेस बनाम 'आप': कौन मारेगा बाजी?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुकाबला बेहद कड़ा है। कांग्रेस का दावा है कि उनके पास अभी भी बहुमत है और वे बचे हुए नाराज पार्षदों को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी का कहना है कि कांग्रेस के पार्षद बिखर चुके हैं और उनकी पार्टी जीत की ओर बढ़ रही है। अब देखना यह है कि बुधवार को बठिंडा की जनता को नया मेयर किस पार्टी से मिलता है – कांग्रेस या आम आदमी पार्टी?

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News