BCM स्कूल के आसपास बंद गेट बने परेशानी का सबब, बच्चों-पेरेंट्स और स्कूल बसों की बढ़ी दिक्कत

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 11:56 AM (IST)

लुधियाना (विक्की): चंडीगढ़ रोड स्थित बीसीएम स्कूल के आसपास सेक्टर-32 की गलियों में स्थानीय निवासियों की ओर से लगाए गए गेटों का मामला अब भी सुलझ नहीं पाया है। 11 अगस्त को ‘पंजाब केसरी’ में मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद आज की ताजा तस्वीरें भी यही दिखा रही हैं कि गेट बंद होने के कारण स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों, पेरेंट्स और स्कूल बसों की परेशानी बरकरार है। आज सामने आई तस्वीरों में स्कूल बस के पास छोटे-छोटे बच्चे सड़क पर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कई अभिभावक अपने दोपहिया वाहनों पर बच्चों को स्कूल छोड़ने पहुंचे। गेट बंद होने के कारण बच्चों और वाहनों के लिए जगह सीमित हो गई है, जिससे स्कूल खुलने और छुट्टी के समय स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी 

ताजा तस्वीरों में देखा जा सकता है कि स्कूल बस से उतरने के बाद छोटे बच्चों को सड़क किनारे से स्कूल की ओर जाना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि इतनी कम उम्र के बच्चों के लिए स्कूल पहुंचने और वापस घर जाने के दौरान सुरक्षित रास्ता मिलना बेहद जरूरी है। गेट बंद होने के कारण उन्हें लंबा रास्ता तय कर स्कूल तक पहुंचना पड़ रहा है या फिर भीड़भाड़ वाले स्थान से होकर गुजरना पड़ता है।

PunjabKesari

स्कूल बसों की आवाजाही भी बनी चुनौती 

गेट बंद होने का असर केवल पेरेंट्स और बच्चों पर ही नहीं, बल्कि स्कूल बसों पर भी पड़ रहा है। बड़ी बसों को गलियों में प्रवेश करने और बच्चों को सुरक्षित तरीके से उतारने-चढ़ाने में परेशानी होती है। स्कूल प्रबंधन पहले ही गलाडा को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत करवा चुका है और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई थी।

पेरेंट्स बोले- स्कूल टाइम पर तो खुला रहे गेट 

बच्चों को स्कूल छोड़ने पहुंचे कुछ पेरेंट्स का कहना है कि स्थानीय निवासियों की अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताएं हो सकती हैं, लेकिन स्कूल लगने और छुट्टी होने के समय कम से कम गेट खुला रखने की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे स्कूल बसों और बच्चों की आवाजाही आसानी से हो सकेगी और सड़क पर भीड़ कम होगी। गौरतलब है कि ‘पंजाब केसरी’ ने 11 अगस्त को भी ‘सेक्टर-32 की गलियों पर गेट लगने से बीसीएम स्कूल के बच्चों और स्कूल बसों की बढ़ी परेशानी गलाडा के पास पहुंचा मामला’ शीर्षक से इस मुद्दे को उठाया था। इसके बाद भी आज की तस्वीरों में हालात में कोई खास बदलाव नजर नहीं आया।

अब अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की नजर गलाडा की कार्रवाई पर है। लोगों की मांग है कि विभाग मौके का निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों और स्कूल प्रबंधन से बातचीत करे तथा ऐसा समाधान निकाले जिससे इलाके की सुरक्षा भी बनी रहे और स्कूल के छोटे बच्चों, पेरेंट्स व स्कूल बसों की सुरक्षित आवाजाही भी प्रभावित न हो।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News