HVM ग्लोबल स्कूल में नई विद्यार्थी परिषद का गठन, जानें किसे मिला कौन-सा पद
punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 09:21 PM (IST)
लुधियाना (विक्की) : सेक्टर 32 स्थित एचवीएम ग्लोबल स्कूल में पहली इन्वेस्टिचर सेरेमनी धूमधाम से संपन्न हुई। इस विशेष मौके पर एचवीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के अध्यक्ष डी.पी. शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। स्कूल की प्रिं. प्रगति कपूर, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया।
समारोह के दौरान स्कूल की नई विद्यार्थी परिषद की घोषणा की गई, जिसमें दक्ष को हेड बॉय, फौज़िया को हेड गर्ल और डेज़ी को एक्टिविटी इंचार्ज नियुक्त किया गया। इसके साथ ही चारों सदनों के प्रभारियों का भी चयन हुआ। कलाम हाउस में नाज़मा को हाउस कैप्टन व हितेश को वाइस कैप्टन, कल्पना हाउस में मनीष को हाउस कैप्टन व ऋषभदीप को वाइस कैप्टन, रमन हाउस में सान्वी को हाउस कैप्टन व दविशा को वाइस कैप्टन तथा रामानुजन हाउस में गीत को हाउस कैप्टन व अनमोल को वाइस कैप्टन बनाया गया।
विद्यार्थी परिषद के चयन के लिए भाषण, इंटरव्यू और विचार-विमर्श के कई दौर आयोजित किए गए, ताकि विद्यार्थियों के संवाद कौशल, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को परखा जा सके। चयनित पदाधिकारियों को प्रिं. प्रगति कपूर ने अनुशासन, निष्ठा और समर्पण की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष डी.पी. शर्मा ने कहा कि नेतृत्व केवल पद पाना नहीं है, बल्कि अपने कार्यों से दूसरों का सम्मान और विश्वास जीतना है। प्रिं. प्रगति कपूर ने विद्यार्थियों को अपने व्यवहार से मिसाल बनने और टीम भावना से आगे बढ़ने की सीख दी। हेड गर्ल फौज़िया, हेड बॉय दक्ष और अनमोल ने अपनी जिम्मेदारियों को लगन और अनुशासन से निभाने का भरोसा दिलाया।

