बहबलकलां गोलीकांड: कार्रवाई कभी भी, बख्शा कोई नहीं जाएगा : जाखड़

punjabkesari.in Friday, Oct 12, 2018 - 08:15 PM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज स्पष्ट किया है कि बहबलकलां गोलीकांड के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्रवाई कभी भी हो सकती है। इसीलिए सरकार के संकेतों को समझते हुए कुछ अधिकारियों ने अदालत का रुख कर लिया है। जाखड़ ने आज कहा कि अदालत की शरण में जाने से कार्रवाई में कुछ समय तो लग सकता है परन्तु उनका बचाव होना संभव नहीं है। एक प्रश्र के उत्तर में उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर बहबलकलां गोलीकांड को लेकर शंका की सुइयां घूम रही हैं, वही अब अदालत का दरवाजा खटखटाने में लगे हुए हैं।

जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह तथा कांग्रेस पार्टी का यह स्पष्ट स्टैंड रहा है कि बहबलकलां में निर्दोष सिख समुदाय पर गोली चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई अवश्य की जाएगी। इसके लिए जिम्मेदार बड़े से बड़े व्यक्ति पर सरकार हाथ डालने में संकोच करने वाली नहीं है। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि सरकारी कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए ही कुछ अन्य राजनीतिक दल सियासी रोटियां सेंकने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह द्वारा गठित एस.आई.टी. ने भी अपना कार्य शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने एस.आई.टी. को निष्पक्षता से कार्य करने के लिए कहा है। 
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व गठबंधन सरकार के कार्यकाल में बहबलकलां में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी को लेकर रोष व्यक्त कर रहे निहत्थे सिख समुदाय पर गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि वह कई बार पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से पूछ चुके हैं कि आखिर गोली चलाने के आदेश किसने दिए थे। अभी तक पूर्व मुख्यमंत्री ने इसका जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले वायदा किया था कि वह गोलीकांड के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों को बख्शेगी नहीं तथा उस पर सरकार ने अब अमल शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके यह मामला सी.बी.आई. से वापस लेने का निर्णय लिया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

somnath

Recommended News

Related News