जालंधर में चल रहे किसानों के धरने को लेकर बड़ी Update, धरने से हटे किसान
punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2023 - 08:33 PM (IST)

जालंधर : जालंधर-लुधियाना हाईवे पर पिछले 4 दिनों से चल रहे किसानों के धरने को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। बताया जा रहा है कि किसानों की सी.एम. भगवंत मान के साथ मीटिंग के बाद किसानों ने हाईवे से धरना उठा लिया है तथा हाईवे को पूरी तरह से खोल दिया गया है। वहीं किसानों के धरने के चलते पिछले कुछ दिनों से परेशानियां झेल रहे राहगीरों ने भी राहत भरी सांस ली है।
सुबह पहले जहां रेल मार्ग खोल दिया गया था, वहीं शाम को किसानों की ओर से सड़क मार्ग भी खोल दिया गया। किसान नेता मनजीत सिंह राय ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से भरोसा दिया गया है कि अगले सप्ताह गन्ने के दामों को बढ़ा दिया जाएगा व अन्य मांगों को भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा। अब एक मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया है तो उस पर विश्वास करना हमारा भी फर्ज बनता है, जिसके चलते उन्होंने धरना समाप्त कर दिया है। यदि अगले सप्ताह उनकी मांगे ना पूरी की गई तो चंडीगढ़ मुख्यमंत्री निवास के बाहर पक्का धरना लगा दिया जाएगा। जिससे होने वाली दिक्क्तों के लिए सरकार जिम्मेदार होगी। वही आज चौथे दिन धाना समाप्त होने के बाद सड़क व् रेल यातायात खुलने से लोगों को राहत मिली है।
गौरतलब है कि किसानों द्वारा हाईवे जाम करने के बाद लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने अलग रास्ते निकाल कर ट्रैफिक को डायवर्ट किया हुआ था लेकिन इसके बावजूद बहुत दूर तक लोग जाम में पूरा दिन फंसे रहते थे। लेकिन अब जब धरना उठ गया है तो इससे लोगों को बड़ी राहत मिली है तथा लोग अपने गंतव्य तक आसानी से समय पर पहुंच सकेंगे।