गिरफ्तारी से बचाव के लिए हाईकोर्ट पहुंचे बिक्रम मजिठिया, पुलिस लगातार कर रही छापेमारी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 01:37 PM (IST)

अमृतसर : शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को गिरफ्तार करने के लिए गत दिन कमिश्नरेट पुलिस व देहाती पुलिस के उच्च अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ ग्रीन एवेन्यू स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचे, बेशक बिक्रम सिंह मजीठिया पुलिस को वहां नहीं मिले मगर अधिकारियों द्वारा घर की तलाशी के साथ-साथ कई अन्य ठिकानों पर भी मजीठिया को ढूंढने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में पुलिस द्वारा मजीठिया की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर मजीठिया ने हाईकोर्ट का रुख किया है। 
 
पुलिस अधिकारी का कहना है कि 30 मई 2026 को गांव सोहिया कलां के रहने वाले जोबनप्रीत सिंह को मुकद्दमा नंबर 90 के तहत मजीठा पुलिस द्वारा कानूनी तौर पर गिरफ्तार किया गया था, इसके बाद पुलिस अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे थे कि इस दौरान बिक्रम सिंह मजीठिया व भारी भीड़ थाने के बाहर इकट्ठा हो गई। इसके बाद भीड़ ने बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ थाने के अंदर घुसने का प्रयास किया। एस.एस.पी. का कहना है कि भीड़ अन-अधिकारिक तौर पर थाने में दाखिल हुई और अलग-अलग कमरों में जाकर सरकारी रिकार्ड व फाइलों से छेड़छाड़ की। इसके बाद डी.एस.पी. मजीठा व थाना प्रभारी मौके पर पहुंची और बड़ी समझदारी से एक बार फिर जोबनप्रीत को गिरफ्तार किया। इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने फिर से पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एस.पी. व डी.एस.पी. रैंक के अधिकारियों के साथ स्पैशल टीम का गठन किया गया जो मामले की बारीकी के साथ जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। एस.पी. ने बताया कि वीडियो के आधार पर आधा दर्जन से अधिक लोगों की पहचान कर ली गई है जबकि मौके पर 4 से 5 दर्जन लोग मौजूद थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News