भाजपा के महासचिव तरूण चुघ का दावा-राज्य में बनेगी भाजपा की सरकार

punjabkesari.in Wednesday, Feb 09, 2022 - 03:45 PM (IST)

जालंधर : कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने तौर पर सी.एम. के चेहरे चुन लिए हैं लेकिन पार्टियों के कहने से कोई सी.एम. नहीं बन जाता। सी.एम. का फैसला पंजाब की जनता तय करेगी और भारतीय जनता पार्टी जनता के फैसले में विश्वास रखती है, इसलिए भाजपा ने यह फैसला जनता द्वारा चुने गए नुमाइंदों पर छोड़ा हुआ है। पंजाब केसरी के संवाददाता जतिन शर्मा के साथ विशेष बातचीत में भाजपा के महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि चुनाव के बाद भाजपा के विधायक अपना नेता चुनेंगे और इस नेता के नाम पर केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सहमति बनेगी और चुने हुए विधायकों में से ही कोई एक विधायक मुख्यमंत्री बनेगा। चुघ ने इस दौरान भाजपा की चुनावी रणनीति पर चर्चा के साथ-साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी तीखे हमले किए। पेश है पूरी बातचीत

प्र: भाजपा लंबे समय बाद पंजाब में अकेले मैदान में है, पार्टी कितनी सीटें जीत रही है?
उ:
भाजपा ने 1992 का चुनाव अपने दम पर लड़ा था औ उस समय पार्टी को 6 सीटें हासिल हुई थीं और भाजपा का वोट शेयर 16 फीसदी से ज्यादा था। उस समय भाजपा 66 सीटों पर मैदान में उतरी थी लेकिन अब भाजपा 73 सीटों पर अपने चुनाव चिन्ह के साथ मैदान पर है। भाजपा 2007 में 23 सीटों पर चुनाव लड़ कर 19 सीटें जीत चुकी है और अब भी भाजपा का स्ट्राइक रेट बेहतरीन रहेगा। हम पंजाब में सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं और पंजाब में सरकार भाजपा की ही बनेगी। 

प्र: क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब में रैलियां कर रहे हैं ?
उ:
पंजाब के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में खास स्नेह है और वह रैली करने पंजाब जरूर आएंगे। वह पंजाब का दिल जीतना चाहते हैं और दिल जीत कर रहेंगे। पिछली बार उनकी रैली में सरकारी स्तर पर साजिश के तहत खलल डाला गया, लेकिन अब पंजाब में उनकी रैली जरूर होगी और वह पंजाब को लेकर अपना विजन जनता के सामने जरूर रखेंगे। 

प्र: पंजाब को लेकर भाजपा का ब्लू प्रिंट क्या है?
उ:
किसी भी प्रदेश के विकास के लिए कृषि के साथ-साथ उद्योग और सर्विस सैक्टर का विकास जरूरी है और कुछ साल पहले देश के बीमारू राज्य कहे जाने वाले बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भाजपा ने यह काम करके दिखाया है। आज पंजाब के लोग मध्य प्रदेश में पैदा हुआ गेहूं खाना चाहते हैं, यह मध्य प्रदेश के कृषि विकास का अपने आप में उदाहरण है। आज बिहार में अपहरण के उद्योग की जगह बड़े उद्योग लग रहे हैं और बिहार औद्योगिक विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आज गुड़गांव और पंचकूला में कॉल सैंटर्स चल रहे हैं। इन्फार्मेशन टैक्नोलोजी से जुड़ी सारी कम्पनियां गुड़गांव में आ रही हैं। यह काम पंजाब में क्यों नहीं हो सकता। हम पंजाब में कृषि को विकसित करने के साथ -साथ उद्योग और सर्विस सैक्टर का भी विकास करेंगे। 

प्र: नवजोत सिंह सिद्धू को बतौर सी.एम. चेहरा पेश नहीं किया गया, आप क्या कहेंगे?
उ:
हो सकता है कि वह कांग्रेस पार्टी ही छोड़ जाएं क्योंकि वह अमृतसर ईस्ट सीट से हार रहे हैं। उनका जनता के साथ कोई संपर्क नहीं रहा और इस सीट से विधायक बनने के बाद वह जनता के बीच नहीं गए और जनता अब उनके लिए दरवाजे बंद कर रही है। नवजोत सिंह सिद्धू का पाकिस्तान प्रेम जग जाहिर है। वह पाकिस्तान में जाकर आर्मी और आई.एस.आई. के चीफ के साथ जफ्फी डालते हैं और भारत में ड्रग्स और हथियार भेजने वाले इमरान खान को अपना भाई बताते हैं, यह वही इमरान खान है, जिनके राज में भारत पर आतंकी हमलों की साजिश रची जा रही है। 

प्र: यदि सिद्धू कांग्रेस छोड़ते हैं तो क्या भाजपा उन्हें पार्टी में शामिल करेगी?
उ:
भाजपा छोड़ने के बाद उन्होंने 2017 में ही आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने की योजना बनाई लेकिन वहां पर बात नहीं बनी तो बैंस ब्रदर्स के साथ मिलकर संगठन बनाने की कोशिश की, वहां पर बात नहीं बनी तो वह परगट सिंह के साथ जा मिले और अंत में जाकर कांग्रेस में शामिल हुए और कांग्रेस में शामिल होने के बाद जो बिखराव उन्होंने कांग्रेस के भीतर किया है, वह कांग्रेस को ही मुबारक हो। भाजपा का उन्हें पार्टी में लेने का कोई इरादा नहीं है।

कांग्रेस का सी.एम. चेहरा माफिया का सरगना
तरूण चुघ ने कहा कि कांग्रेस ने चन्नी द्वारा 111 दिन के अपने कार्यकाल के दौरान मचाई गई लूट को योग्यता बनाकर ही उनका चेहरा प्रोजैक्ट किया है, लेकिन कांग्रेस और चन्नी दोनों को यह बताना पड़ेगा कि उनके भांजे हनी के घर से मिली 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम किसकी है और उस रकम का जरिया क्या है। आज कांग्रेस आरोप लगा रही है कि ई.डी. ने सियासी मंशा से चन्नी के भांजे के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन कांग्रेस के शासन में ही 2018 में भूपिंद्र सिंह हनी के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया था। यह मामला ताजा नहीं है और ई.डी. ने इस मामले में कार्रवाई करने के बाद जो रकम बरामद की है, उससे भ्रष्टाचार को लेकर कई परतें खुल रही हैं। कांग्रेस ने पंजाब में माफिया राज खत्म करने का वायदा किया था, लेकिन कांग्रेस का मुख्यमंत्री ही माफिया का सरगना बना हुआ है।

चन्नी ने पी.एम. मोदी की सुरक्षा से समझौता किया
चन्नी एक ऐसे मुख्यमंत्री है, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा के साथ समझौता किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान प्रोटोकाल का ध्यान नहीं रखा और न वह खुद प्रधानमंत्री के साथ मौजूद रहे और न ही पंजाब के डी.जी.पी. और मुख्य सचिव उस समय प्रधानमंत्री के साथ मौजूद थे।

कांग्रेस ने 5 वर्षो में अपने वायदे पूरे नहीं किए 
तरुण चुघ ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ करने के अलावा हर घर में नौकरी देने और पंजाब के विद्यार्थियों को मोबाइल देने और पंजाब में माफिया राज खत्म करने का वायदा किया था, लेकिन कांग्रेस ने अपने वायदे पूरे नहीं किए। इसी कारण पंजाब आज कर्ज के जाल में फंस गया है और पंजाब के सिर पर चढ़े कर्ज का ब्याज देने के लिए अतिरिक्त कर्ज लेना पड़ रहा है, लेकिन कोई पार्टी पंजाब के सिर चढ़े इस कर्ज को मुद्दा नहीं बना रही। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Recommended News

Related News