पंजाब में BJP का सियासी वार, चौहान बोले- छह माह में तोड़ेंगे ड्रग नेटवर्क
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 07:22 PM (IST)
बठिंडा, (विजय वर्मा) : भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के चौथे चरण की शुरुआत सोमवार को तलवंडी साबो से हुई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेकने के बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर छह माह के भीतर नशे की सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में निर्णायक कार्रवाई की जाएगी तथा नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई होगी।
चौहान ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा किया गया था, लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है। उन्होंने नशा तस्करों पर कार्रवाई, सप्लाई चेन तोड़ने, ड्रग मनी पर प्रहार और नशे के शिकार युवाओं के पुनर्वास को अभियान के प्रमुख बिंदु बताया।
भाजपा सांसद तरुण चुग ने भगवंत मान सरकार पर हमला बोलते हुए पंजाब के हालात को ‘4C संकट—चिट्टा, क्राइम, करप्शन और कैश फॉर रंगदारी’ बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब को केवल घोषणाओं और प्रचार की नहीं, बल्कि नशे के नेटवर्क और अपराध पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।
केवल ढिल्लों ने भी साधा निशाना
भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करने के लिए केवल राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर नशा तस्करी के पूरे तंत्र पर कार्रवाई करेगी और इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
मनप्रीत बादल बोले- युवाओं का भविष्य बचाना जरूरी
भाजपा के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि नशे का मुद्दा पंजाब के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि नशे से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को समझते हुए तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं के पुनर्वास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर देना होगा। उन्होंने पंजाब के लोगों से नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से खड़े होने की अपील की।
भाजपा के अनुसार, ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी। अभियान के दौरान करीब 4,000 किलोमीटर की यात्रा और विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। तलवंडी साबो के बाद चौहान ने मैसरखाना में जनसभा को संबोधित किया तथा बठिंडा कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया।

