नशों का मुद्दा उठाने वाले युवक के पक्ष में उतरी BJP, ढिल्लों ने DGP और SSP से की बात

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 07:16 PM (IST)

पंजाब डेस्क : सुनाम विधानसभा क्षेत्र के गांव शेरों में मुख्यमंत्री पंजाब के सामने पंजाब में नशों का मुद्दा उठाने वाले गुरसिख युवक मोहनजीत सिंह के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर किए गए अत्याचार की भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कड़े शब्दों में निंदा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पीड़ित मोहनजीत सिंह से वीडियो कॉल पर बात कर उसका हाल जाना और पंजाब की युवा पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए आवाज उठाने पर उसका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुश्किल घड़ी में मोहनजीत के साथ मजबूती से खड़ी है और उसे इंसाफ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने एसएसपी संगरूर और डीजीपी पंजाब से भी फोन पर बातचीत की है तथा मोहनजीत सिंह के साथ हुए कथित अत्याचार की निष्पक्ष जांच करवाने और पीड़ित को इंसाफ दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस युवक के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके संगरूर-2 के जिला अध्यक्ष दामन थिंद बाजवा अपनी टीम के साथ पीड़ित की मदद में जुटे हुए हैं। पीड़ित को हर तरह की सहायता भाजपा द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि मोहनजीत सिंह ने कोई गैरकानूनी गतिविधि नहीं की, बल्कि उसने पंजाब की युवा पीढ़ी को नशों से बचाने का गंभीर मुद्दा सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखा था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना और अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है। लेकिन इस गुरसिख युवक को नशों का मुद्दा उठाने के बदले पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर उसके साथ मारपीट और अत्याचार करना तथा उसके ककारों की बेअदबी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘नशों के खिलाफ युद्ध’ मुहिम के दावों पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। सरकार नशों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं की बात सुननी और उनका साथ देना चाहिए, न कि पुलिस की ताकत के जरिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश करनी चाहिए। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि धरनों और लोगों के संघर्षों से निकली आम आदमी पार्टी की सरकार अब लोगों के सवालों से ही डरने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लोगों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है और सवाल पूछने वालों के साथ ज्यादती की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब इस सरकार के अत्याचार और धक्केशाही से तंग आ चुके हैं। इस सरकार के अत्याचार का अंत निकट है और पंजाब के लोग 2027 के विधानसभा चुनावों में इस ज्यादती करने वाली सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार बैठे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News