ब्लाइंड लूट केस ट्रेस: सी.आई.ए. स्टाफ के हाथ लगी सफलता, मास्टर माइंड गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Nov 12, 2023 - 11:03 AM (IST)

जालंधर : 8 नवंबर को लैदर काम्प्लैक्स में यूनिर्वसल स्पोर्ट्स फैक्टरी के एच.आर. और मैनेजर को दातर दिखा साढे़ 7 लाख रुपए लूटने का मामला कमिश्नरेट पुलिस की सी.आई.ए. स्टाफ ने ट्रेस कर लिया है। सी.आई.ए. स्टाफ ने इस मामले के मास्टर माइंड को गिरफ्तार किया है जो इसी फैक्टरी में बतौर सुपरवाइजर था और 2 माह पहले ही उसने काम छोड़ा था। गिरफ्तार पूर्व सुपरवाइजर से पुलिस ने लूट के 2 लाख 55 हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं।

डी.सी.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि लूट कांड के बाद सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज हरिंदर सिंह अपनी टीम के साथ मामले की जांच में जुट गए थे। घटनास्थल के आसपास से मोबाइल डंप डाटा और कुछ सी.सी.टी.वी. फुटेज मिले जिसके बाद पुलिस ने टैक्नीकल और ह्यूमन सोर्सिस से इंवैस्टिगेशन शुरू कर दी। पुलिस की जांच में पता लगा कि फैक्टरी में सुपरवाइजर की नौकरी छोड़ने वाले साहिल को कैश दूसरी फैक्टरी से इस फैक्टरी में लेकर आने की सारी जानकारी थी।

पुलिस को इनपुट मिले कि इस वारदात में साहिल ही मास्टर माइंड हैं। ऐसे में सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज हरिंदर सिंह ने अपनी टीम के साथ साहिल पुत्र विजय कुमार निवासी राजा गार्डन बस्ती बावा खेल का ट्रैप लगाना शुरू कर दिया। आरोपी साहिल घर से भी फरार था। शनिवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रेड करके साहिल को गिरफ्तार कर लिया।

सी.आई.ए. स्टाफ में ले जाकर उससे पूछताछ की तो आरोपी ने मान लिया कि उसी ने ही अपने दो अन्य साथियों के साथ मिल कर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 2 लाख 55 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी की रकम फरार 2 आरोपियों के पास हैं। डी.सी.पी. विर्क ने कहा कि सी.आई.ए. स्टाफ की टीम उन 2 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी रेड कर रही है। आरोपी साहिल 5 माह पहले ही यूनिर्वसल स्पोर्ट्स में नौकरी पर लगा था। करीब दो माह पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। दो दिनों में कमिश्नरेट पुलिस ने इस ब्लाइंड केस को हल किया। आरोपी साहिल को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। डी.सी.पी. हरविंदर सिंह ने विर्क ने कहा कि आरोपियों ने लूट से पहले इलाके की रेकी भी की थी।

यह था मामला

8 नवंबर को दो बाइक्स पर सवार होकर आए तीन युवकों ने यूनिर्वसल स्पोर्ट्स फैक्टरी लैदर कॉम्पलैक्स में दूसरी फैक्टरी से स्टाफ को सैलरी देने आए एच.आर. अश्वनी कुमार और मैनेजर अजय अग्रवाल की एक्टिवा में टक्कर मार कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया और दातर मार कर उनसे बैग छीन कर फरार हो गए थे। बैग में 7.50 लाख रुपए व कुछ दस्तावेज थे। थाना बस्ती बावा खेल में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया था। सी.पी. कुलदीप सिंह चाहल ने इस मामले में सी.आई.ए. स्टाफ और बस्ती बावा खेल पुलिस की टीमों को अलग अलग टीमें बनाई जिसके बाद सी.आई.ए. स्टाफ ने कुछ ही समय में इस केस को हल कर लिया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News