6 दिन से अस्पताल में पड़ी विवाहिता की लाश! मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 07:23 PM (IST)

अमृतसर : Rajasansi के गांव हर्षा छीना में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतका के परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है और पिछले छह दिनों से अजनाला के सिविल अस्पताल में महिला का शव रखा हुआ है, जो मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहा है।

परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या ससुराल पक्ष द्वारा की गई है। उनका कहना है कि घटना को छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। इसी वजह से उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक न तो पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और न ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे कल धरना देंगे। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत किया गया कत्ल है।

वहीं, पुलिस थाना राजासांसी की प्रभारी हरसिमरप्रीत कौर के अनुसार मामले में कार्रवाई जारी है। पुलिस ने मृतका की सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पति अभी भी फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News