अमृतसर में पुलिस हिरासत में युवक की मौ+त, परिवार ने लगाए टॉर्चर के आरोप

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 11:21 AM (IST)

अमृतसर(रमन): अमृतसर में एक युवक की पुलिस हिरासत के दौरान मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके बेटे को रिमांड के दौरान बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और मारपीट के कारण उसकी जान चली गई।

मृतक की मां ने बताया कि उसका बेटा पिछले पांच दिनों से पुलिस रिमांड में था। उसे एक कार चोरी के मामले में फंसाया गया था। मां का कहना है कि रिमांड के दौरान उसकी हालत बेहद खराब हो गई थी। देर रात पुलिस उसे सिविल अस्पताल लेकर आई, जहां वह ठंड और दर्द से तड़प रहा था और उसका शरीर अकड़ चुका था। मां के अनुसार, उन्होंने पुलिस अधिकारियों से हाथ जोड़कर बेटे को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। परिवार का आरोप है कि अगर समय पर सही इलाज मिलता तो युवक की जान बच सकती थी।

मृतक की पत्नी ने भी रोते हुए बताया कि उनका दो साल का बच्चा है और इस घटना से उनका पूरा परिवार उजड़ गया है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके पति के साथ गलत व्यवहार किया और अस्पताल में भी उचित इलाज नहीं करवाया। वहीं, थाना रणजीत एवेन्यू के पुलिस अधिकारी रोबिन हंस ने बताया कि युवक एक चोरी के मामले में रिमांड पर था। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और न्यायिक जांच के जरिए सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News