Ludhiana: अज्ञात युवक का श/व मिलने से इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 07:36 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के ताजपुर रोड स्थित बिहारी कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब गंदे नाले के पास बने क्वार्टरों में एक लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। मंगलवार शाम जैसे ही स्थानीय लोगों ने शव को देखा, इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत इसकी सूचना थाना डिविजन नंबर 7 की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी मलकीत सिंह ने बताया कि मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने युवक की तलाशी भी ली, लेकिन उसके पास से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। फिलहाल, शव को 72 घंटों के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है ताकि शिनाख्त हो सके। वारिसों के मिलने के बाद ही पोस्टमार्टम और अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में रोष देखने को मिला। मौके पर मौजूद सुंदर सिंह सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि इस इलाके में नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है और यह कोई पहली घटना नहीं है। लोगों का दावा है कि नशे की ओवरडोज के कारण ही नौजवान अपनी जान गंवा रहे हैं और इस युवक की मौत के पीछे भी यही मुख्य कारण हो सकता है।

हालांकि, पुलिस अधिकारी मलकीत सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला नशे से जुड़ा प्रतीत नहीं होता। पुलिस को घटनास्थल से कोई भी नशीला पदार्थ, सिरिंज या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। अधिकारी ने अंदेशा जताया कि मौजूदा भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने के कारण युवक की जान गई होगी। पुलिस का कहना है कि इलाके में नशे की स्थिति में पहले के मुकाबले काफी सुधार हुआ है, फिर भी मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग पाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News