Ludhiana में फिर से फायरिंग, ऑफिस में बैठे युवकों पर बरसाई गोलियां
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 08:13 PM (IST)
लुधियाना: शहर में एक बार फिर देर रात गोलियां चलने से दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार अमरपुरा के नजदीक फील्ड गंज इलाके में देर रात करीब 12:30 बजे बाइक सवार हमलावरों ने एक ऑफिस को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उस समय ऑफिस के अंदर कुछ युवक मौजूद थे, जिन पर सीधे निशाना साधकर गोलियां चलाई गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर करीब 5 बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की मुस्तैदी के चलते एक आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग दहशत में जरूर आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
फायरिंग के असली कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन घटना के पीछे आपसी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

