संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबे युवक का बरामद हुआ श/व, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी राज!

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 05:10 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के डेहलों इलाके से दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबे 27 वर्षीय विक्की कुमार के मामले में एक बहुत बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। लगातार दो दिनों से नहर की खाक छान रहे गोताखोरों को आखिरकार आज विक्की का शव बरामद हो गया है। पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है। जहां एक तरफ विक्की की लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दूसरी तरफ पीड़ित परिवार आज भी अपनी इस बात पर अड़ा है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि दोस्तों द्वारा रची गई एक सुनियोजित और खौफनाक साजिश के तहत की गई हत्या है। जबकि थाना पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। 

डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किए जाने वाले पोस्टमार्टम के बाद ही यह पूरी तरह से साफ हो पाएगा कि विक्की के फेफड़ों में पानी भरने से मौत हुई है या उसे डूबने से पहले कोई चोट पहुंचाई गई थी। पुलिस का दावा है कि जिन दोस्तों पर पीड़ित परिवार ने हत्या का संगीन आरोप लगाया है, उन्हें पूछताछ के लिए राउंडअप किया जा रहा है। मैडिकल रिपोर्ट और गहन तफ्तीश में सामने आने वाले सच के आधार पर दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता विक्की कुमार (27) अपने गरीब परिवार का इकलौता सहारा था, जो मेहनत-मजदूरी करके घर का चूल्हा जलाता था। बीते बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर आया था। उसने अपनी मां पूनम देवी से 100 रुपये मांगे थे, लेकिन मां के मना करने पर उसने अपने पिता से पैसे ले लिए। जाते-जाते उसने अपनी मां से वादा किया था कि वह दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने जा रहा है और महज एक घंटे में वापस लौट आएगा। किसे मालूम था कि मां से किया यह वादा आखिरी साबित होगा और विक्की कभी जिंदा लौटकर घर नहीं आएगा।

स्विमिंग पूल का बहाना बनाकर 12 किमी दूर नहर पर ले गए दोस्त 

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में घटना से ठीक पहले विक्की के साथ मौजूद रहे उसके एक अन्य दोस्त ने कैमरे के सामने आकर कई बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। चश्मदीद दोस्त ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच सभी दोस्त इकट्ठा हुए थे। पहले सबका प्लान स्विमिंग पूल जाने का था, लेकिन रास्ते में लक्की और उसके छह अन्य साथियों ने अचानक एक सोची-समझी साज़िश के तहत अपनी योजना बदल दी। उन्होंने विक्की को जबरन 12 किलोमीटर दूर डेहलों वाले सूए (नहर) पर चलने को कहा। खुलासा करने वाले दोस्त ने बताया कि उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह उनके साथ नहीं गया और वापस घर लौट आया। इसके बाद बाकी लड़के विक्की को लेकर नहर पर चले गए, जहां पहले जमकर शराब का दौर चला और फिर नहाने के लिए सभी पानी में उतर गए, जिसके बाद विक्की गहरे पानी में डूब गया।

आरोपी दोस्त का फोन स्विच ऑफ, घूम गई शक की सुई

इस मामले में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब चश्मदीद दोस्त ने बताया कि उसी रात करीब 10 बजे जब उसने लक्की को फोन किया, तो लक्की बेहद घबराया हुआ था और कांपती आवाज में बोला कि 'तू कहीं मत जाना, मैं तुझे बाद में सब बताता हूं।' इस खौफनाक बातचीत के बाद यानी अगली सुबह से ही मुख्य आरोपी लक्की का फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है, जिसने परिवार के शक को यकीन में बदल दिया कि विक्की के साथ पानी के भीतर कोई घिनौना खेल खेला गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News