OMG! शादी के 5 महीने बाद ही पत्नी और मायके वालों से तंग युवक ने नहर में कूदकर दी जान

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 09:17 AM (IST)

लुधियाना, (राज): एक विवाहित युवक की संदिग्ध हालातों में मौत और उसके परिवार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने इलाके में सनसनी फैला दी है। महज 5 महीने पहले शादी के बंधन में बंधे करनदीप की जिंदगी उसके ससुराल वालों की कथित मानसिक प्रताड़ना और दखलअंदाजी के चलते नरक बन गई थी, जिससे तंग आकर उसने बीते 12 जुलाई को 'गिल्ला नहर' में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

20 फरवरी को स्वाति नाम की युवती से हुई थी शादी
अगले दिन जब परिजनों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में उसका शव मिला। जिसके बाद पिता राजा राम के बयानों पर थाना शिमलापुरी की पुलिस ने मृतक बेटे की पत्नी स्वाति, ससुर रामपाल, साले दीपक, वरिंदर और उनके संबंधी वकील के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में करनदीप के पिता राजा राम ने खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे करनदीप की शादी 20 फरवरी को स्वाति नाम की युवती से हुई थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उन्हें पता चला कि स्वाति घर का कोई भी काम-काज नहीं करती थी। जब करनदीप ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की और घर की जिम्मेदारियां निभाने को कहा, तो विवाद बढ़ने लगा। मामला तब और बिगड़ा जब स्वाति के मायके वालों ने करनदीप की वैवाहिक जिंदगी में बेवजह दखलअंदाजी शुरू कर दी। पिता का आरोप है कि स्वाति के पिता रामपाल, उसके दो भाई दीपक और वरिंदर तथा उनका संबंधी वकील (साढू) लगातार करनदीप को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इन सभी ने मिलकर करनदीप पर तरह-तरह के दबाव बनाए और उसे आए दिन परेशान करने लगे, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था।

मामले की गहनता से जांच जारी
पिता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से करनदीप इस प्रताड़ना से बुरी तरह टूट चुका था। 12 जुलाई को वह घर से निकला और ससुराल वालों की इस 'मानसिक टॉर्चर' से तंग आकर उसने गिल्ला नहर में कूदकर खुदकुशी कर ली। जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 13 जुलाई को सुबह परिवार को लुधियाना के सरकारी अस्पताल से सूचना मिली कि उनके बेटे का शव मोर्चरी में पड़ा है। शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने करनदीप को किस तरह से ब्लैकमेल या प्रताड़ित किया था। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News