Punjab से Bollywood तक, बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन की कहानी ‘Doleyan Ch Jaan’ गाने से हुई थी शुरू
punjabkesari.in Thursday, Oct 09, 2025 - 09:34 PM (IST)

पंजाब डेस्क: पंजाब से इस समय दिल दहला देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। दुनियाभर में प्रसिद्ध पंजाब के बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन का आज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, घुम्मन इलाज के लिए अमृतसर गए थे, जहां उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। उनकी मौत से बॉडीबिल्डिंग और फ़िल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
वरिंदर सिंह घुम्मन को शाकाहारी बॉडीबिल्डिंग के लिए जाना जाता था। वह दुनिया के उन कुछ बॉडीबिल्डरों में से एक थे, जिन्होंने शुद्ध शाकाहारी आहार अपनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया। उन्हें ‘मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से भी जाना जाता था।
व्यक्तिगत जीवन और उपलब्धियां
वरिंदर सिंह घुम्मन का जन्म गुरदासपुर, पंजाब में हुआ था। उनकी ऊंचाई 6 फीट 2 इंच और वजन लगभग 130 किलोग्राम के करीब था। उन्होंने 2009 में ‘मि. इंडिया’ का खिताब जीता और ‘मि. एशिया’ प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल कीं।
फिल्मी करियर
वरिंदर सिंह घुम्मन ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी सिंगर जैली के गाने “Doleyan Ch Jaan” के म्यूज़िक वीडियो में अभिनय से की थी। इसके बाद उन्होंने पंजाबी और हिंदी फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने 2012 में पंजाबी फिल्म कबड्डी: वन्स अगेन में मुख्य भूमिका निभाई। हिंदी फिल्मों में उन्होंने 2014 में रोअर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबन्स, 2019 में मरजावां, और 2023 में टाइगर 3 में अभिनय किया।
राजनीति में कदम
वरिंदर सिंह घुम्मन ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाग लेने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वे किसी पार्टी से संपर्क नहीं करेंगे और उस पार्टी का समर्थन करेंगे जिसकी विचारधारा उनके अनुकूल होगी।
वरिंदर सिंह घुम्मन की मृत्यु से न केवल बॉडीबिल्डिंग जगत बल्कि उनके चाहने वालों में भी गहरा शोक है। उनका जीवन और मेहनत कई युवा बॉडीबिल्डरों और शाकाहारी जीवनशैली अपनाने वालों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here