Punjab : AAP विधायक के पीए ने दुकानदार से की मारपीट, पुलिस ने कसा शिकंजा
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 09:17 PM (IST)
अमृतसर (जशन) : अमृतसर पूर्वी से आम आदमी पार्टी की विधायक के पीए मनिंदर सिंह पर एक दुकानदार से मारपीट करने का आरोप लगा है। रामबाग चर्च के सामने स्थित मार्केट में हुई इस घटना में दुकानदार 43 वर्षीय अश्वनी कुमार निवासी गांव पाखरपुरा ने आरोप लगाया कि मनिंदर सिंह ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसे घेरकर पीटा। शिकायत के अनुसार हरप्रीत सिंह ने किरच से उसके पेट के दाईं ओर दो वार किए, जिससे वह घायल हो गया।
अश्वनी कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच मार्केट में सामान खरीदने गया था। वहां उसकी मुलाकात सुच्चा सिंह, उसके बेटे राणा, हरप्रीत सिंह, दामाद मनिंदर सिंह और एक अन्य व्यक्ति से हुई। आरोप है कि उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट की। घायल को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गुरु नानक अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उसे अमनदीप अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अश्वनी कुमार के मुताबिक उसने सुच्चा सिंह को 4.50 लाख रुपये उधार दिए थे। पैसे वापस मांगने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया।
थाना ए डिवीजन के एएसआई भरथराज सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में अस्पताल में घायल के बयान संबंधी कार्रवाई की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुच्चा सिंह, राणा, हरप्रीत सिंह, मनिंदर सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 190, 191(3) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

