घर के बाहर खड़ी ब्रांड न्यू स्कॉर्पियो-N चोरी: सिक्योरिटी अलार्म बजने पर भी नहीं घबराए शातिर चोर, वारदात CCTV में कैद

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 12:07 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में लग्जरी और नई गाड़ियां चुराने वाले हाईटेक वाहन चोर गिरोह का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। घर के बाहर खड़ी एक ब्रांड न्यू महिंद्रा स्कॉर्पियो-N को शातिर चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में चुरा लिया। चोरी के दौरान जब गाड़ी का सिक्योरिटी हूटर/अलार्म बज उठा, तब भी चोर बिना किसी खौफ के मौके पर डटे रहे और पहले अलार्म बंद कर चंद मिनटों में नई गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गए। यह पूरी सनसनीखेज वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

वारदात मंगलवार देर रात की है। पीड़ित परिवार ने अपनी नई स्कॉर्पियो-N कार को घर के बाहर पार्क किया हुआ था सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, देर रात एक दूसरी संदिग्ध कार में सवार होकर शातिर चोर मौके पर पहुंचे। चोरों ने अपनी गाड़ी को ठीक स्कॉर्पियो-N के पास रोका और गाड़ी को अनलॉक करने का प्रयास शुरू किया। गाड़ी के लॉक और सिस्टम से छेड़छाड़ होते ही स्कॉर्पियो-N का सिक्योरिटी अलार्म (हूटर) जोर-जोर से बजने लगा। आमतौर पर अलार्म बजने के बाद चोर भाग खड़े होते हैं, लेकिन इन शातिर चोरों के चेहरे पर जरा भी खौफ नजर नहीं आया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि अपनी कार से निकला एक चोर घबराने के बजाय तेजी से स्कॉर्पियो का लॉक तोड़कर ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। अंदर दाखिल होते ही उसने सबसे पहले बज रहे सिक्योरिटी अलार्म को डिकोड/बंद किया और कुछ ही सेकंड में इंजन स्टार्ट कर ब्रांड न्यू स्कॉर्पियो-N को लेकर मौके से फरार हो गया। उसका साथी भी अपनी कार लेकर पीछे-पीछे निकल गया।

सुबह जब परिजनों ने बाहर गाड़ी गायब देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें चोरी की पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड पाई गई। पीड़ित की सूचना पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी में दिख रहे आरोपियों के हुलिए और वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी कार के नंबर व मूवमेंट को ट्रेस किया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash