क्या पंजाब में आज से 3 दिनों के लिए होगा बसों का चक्का जाम? जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2023 - 11:14 AM (IST)

पंजाब डेस्कः 14 से 16 अगस्त तक होने वाली हड़ताल व सरकारी बसों के चक्का जाम के फैसले को पनबस-पी.आर.टी.सी. यूनियन द्वारा स्थगित कर दिया गया है जिसके चलते अब बसों का निर्विघ्न परिचालन होगा और यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी पेश नहीं आएगी।

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने यूनियन को मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग करवाने का आश्वासन दिलाया है जिसके बाद हड़ताल का फैसला फिलहाल वापस ले लिया गया है। यूनियन की प्रदेश इकाई ने प्रैस को जानकारी देते हुए बताया कि आजादी दिवस के कार्यक्रम व मुख्यमंत्री के मीटिंग के मद्देनजर फिलहाल हड़ताल वापस ले ली गई है। हड़ताल के मद्देनजर यूनियन द्वारा रविवार रात 12 बजे के परिचालन को रोकने का कार्यक्रम बनाया गया था, जिसके चलते यूनियन पदाधिकारियों द्वारा तैयारियां की जा रही थी। इसी क्रम मेें यूनियन द्वारा लंबे रूटों की बसों के परिचालन को रविवार शाम 5 बजे से रोकने की योजना बना ली गई थी। हड़ताल की तैयारियों को देखते हुए सी.एम. ऑफिस द्वारा दखलअंदाजी करते हुए हड़ताल की योजना को बीच में रूकवा दिया गया।

पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अगले सप्ताह मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग करवाने की बात कही गई है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद यूनियन द्वारा मीटिंग बुलाई गई जिसमें सर्व-सम्मिति के साथ हड़ताल का कार्यक्रम फिलहाल रोकने का फैसला लिया गया है। हड़ताल के चलते रविवार रात 12 बजे से हड़ताल शुरू की जा रही थी, जिसके बारे में यात्रियों को पहले ही जानकारी मिल चुकी थी, इसके चलते बस अड्डे में यात्री परेशान नजर आए। लंबे रूटों पर जाने वाले यात्री हड़ताल शुरू होने से पहले ही गंतव्य की तरफ रवाना हो गए। आज देखने में आया कि रूटीन के दिनों के मुकाबले यात्रियों की संख्या बेहद अधिक रही

मुख्यमंत्री के साथ होने वाली मीटिंग होगी अहम: चानण सिंह
यूनियन 
की प्रदेश कमेटी के सीनियर मीत प्रधान चानण सिंह चन्ना ने कहा कि यह पहली बार है जब पनबस-पी.आर.टी.सी. यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग करवाने का आश्वासन दिया गया है।इससे पहले यूनियन की राज्य के मुख्य सचिव विजय कुमार जंजूआ सहित ट्रांसपोर्ट सचिव, डायरैक्टरों के साथ मीटिंग हो चुकी है। चानण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग के दौरान वह कर्मचारियों की परेशानियों संबंधी बताएगें। मुख्यतौर पर ठेका कर्मचारियों को पक्का करने व सस्पैंड कर्मचारियों को बहाल करने की मांग को उठाया जाएगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News