सीमावर्ती इलाके में सनसनी, स्कूल परिसर में बरामद हुए कारतूस

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 11:19 AM (IST)

तरनतारन : भारत–पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव डल्ल में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इलाके में ड्रोन की आवाज सुनाई दी। ड्रोन मूवमेंट की सूचना मिलते ही बीएसएफ के जवान सतर्क हो गए और तुरंत इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई। जवानों ने नाइट विजन कैमरों की मदद से ड्रोन को ट्रैक करने की कोशिश की और सुरक्षा के लिहाज से फायरिंग भी की गई।

रविवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान गांव के सरकारी स्कूल के परिसर से एक पीले रंग का संदिग्ध पैकेट बरामद किया गया। पैकेट खोलने पर उसके अंदर 68 कारतूस मिले, जिन पर विशेष कोड अंकित था। स्कूल परिसर में इस तरह की बरामदगी से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि यह इलाका बच्चों और ग्रामीणों की आवाजाही वाला स्थान है।

सब डिवीजन भिखीविंड के डीएसपी प्रीतइंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि पैकेट ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिराया गया था। फिलहाल पूरे इलाके को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी कोई संदिग्ध सामग्री तो नहीं गिराई गई।

थाना खालड़ा पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान को पैकेट गिराने के लिए क्यों चुना गया। अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों को देखते हुए सीमा क्षेत्र में निगरानी और सख्त की जाएगी।

 अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News