भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पेट्रोल बम हमला मामला, मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 05:38 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा) : भाजपा नेता, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन एवं प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के तीसरे और मुख्य आरोपित संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार आरोपी को शुक्रवार को बठिंडा शहर से काबू किया गया। मामले का खुलासा जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रेस वार्ता कर सकते हैं।

इससे पहले पुलिस जिला फाजिल्का के गांव खूइयां सरवर निवासी नकुल राजपूत और गुरविंदर सिंह उर्फ गोली को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान पाकिस्तान में बैठे कथित गैंगस्टर शाहजाद भट्टी का नाम भी सामने आया है, जिसे मामले में नामजद किया गया है। पुलिस अब इस वारदात के पीछे की साजिश, वित्तीय लेनदेन और संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

एक दिन में चार बार पहुंचे, चौथी कोशिश में फेंका पेट्रोल बम

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपित वारदात वाले दिन चार बार डॉ. गर्ग के क्लीनिक के आसपास पहुंचे थे। पहले तीन बार इलाके में लोगों की अधिक आवाजाही होने के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। आखिरकार चौथी बार रात करीब 9:45 बजे उन्होंने क्लीनिक को निशाना बनाया।

जांच के अनुसार संदीप सिंह, नकुल और गुरविंदर सिंह बस से फाजिल्का से बठिंडा पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक ऑटो रिक्शा किराए पर लिया और दोपहर करीब ढाई बजे क्लीनिक की रेकी की। भीड़ अधिक होने के कारण वे लौट गए। इसके बाद शाम तक अलग-अलग समय पर दोबारा मौके पर पहुंचे, लेकिन हर बार परिस्थितियां अनुकूल न मिलने से योजना टालनी पड़ी। अंततः रात को गुरविंदर सिंह ने क्लीनिक के अंदर पेट्रोल बम फेंक दिया। इसी दौरान किसी व्यक्ति के मौके पर पहुंचने से हमलावर घबरा गए और दूसरा तैयार पेट्रोल बम वहीं छोड़कर फरार हो गए।

संदीप ने मोबाइल पर रिकॉर्ड की पूरी वारदात

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दौरान नकुल ऑटो में बैठा रहा, जबकि मुख्य आरोपित संदीप सिंह ने पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह वीडियो विदेश में मौजूद कुछ संपर्कों को भेजी गई थी। जांच एजेंसियां अब इस एंगल पर भी गंभीरता से काम कर रही हैं कि कहीं इस हमले के तार सीमा पार बैठे तत्वों या आतंकी नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।

फाजिल्का से साथ लाए थे पेट्रोल
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी फाजिल्का से ही एक कैन में पेट्रोल भरकर बठिंडा पहुंचे थे। यहां पहुंचकर उन्होंने स्थानीय स्तर पर पेट्रोल बम तैयार किए। घटनास्थल से बरामद दूसरे पेट्रोल बम और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों से जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऑटो के जरिए फायर ब्रिगेड चौक पहुंचे और वहां से रेलवे स्टेशन जाकर उसी रात ट्रेन से फाजिल्का लौट गए।

ऑटो चालक बना जांच की पहली कड़ी

पुलिस ने घटनास्थल और आरोपितों के भागने के रास्ते में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सबसे पहले पुलिस ऑटो चालक तक पहुंची, जिसकी जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नकुल और गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ में मिले अहम इनपुट के बाद पुलिस ने अब मुख्य आरोपित संदीप सिंह को भी दबोच लिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस सनसनीखेज हमले से जुड़े कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News