BJP नेता के Clinic पर पेट्रोल बम हमले के मामले में NIA की एंट्री, घंटों हुई पूछताछ

punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 10:42 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): शहर के सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन और भाजपा नेता तरसेम गर्ग के क्लिनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता हासिल कर ली है। घटना के तीन दिन बाद बुधवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम बठिंडा पहुंची और मामले की गहन पड़ताल की। NIA के एक DSP के नेतृत्व में पहुंची टीम ने भाजपा नेता तरसेम गर्ग से लंबी पूछताछ कर घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी हासिल की।

PunjabKesari

सूत्रों के अनुसार, NIA अधिकारियों ने हमले के पीछे की संभावित साजिश, मिली धमकियों, राजनीतिक एंगल और अन्य संदिग्ध पहलुओं को लेकर विस्तार से जानकारी जुटाई। टीम ने घटना के बाद सामने आए विभिन्न तथ्यों को खंगालते हुए नगर निगम चुनावों से जुड़े संभावित पहलुओं पर भी चर्चा की। जुटाई गई जानकारी एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।

भाजपा नेता तरसेम गर्ग ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि NIA के एक DSP और दो इंस्पेक्टरों सहित टीम उनके पास पहुंची थी। अधिकारियों ने हमले के पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। गर्ग ने कहा कि घटना के बाद भी उन्हें कोई स्थायी सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवाई गई है और फिलहाल केवल PCR वाहन ही इलाके में गश्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हमले वाली रात उनकी पत्नी के मोबाइल फोन पर शहजाद भट्टी नामक व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, “अभी तो यह ट्रेलर है, आगे देखना क्या होता है।” गर्ग ने कहा कि वह उक्त व्यक्ति को नहीं जानते और न ही उनका उससे कोई परिचय है।

PunjabKesari

जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

उधर, पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बठिंडा पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जांच काफी आगे बढ़ चुकी है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने हमले से जुड़े कुछ अहम तथ्यों को ट्रेस कर लिया है तथा आने वाले एक-दो दिनों में मामले को लेकर बड़ा खुलासा किया जा सकता है।

गौरतलब है कि भाजपा नेता के क्लिनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। अब NIA की एंट्री के बाद यह मामला और अधिक संवेदनशील और चर्चित हो गया है। राजनीतिक और सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें इस मामले पर टिकी हुई हैं और सभी को जांच के अगले चरण का इंतजार है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News