Punjab : केंद्रीय जेल का ''काला सच'' आया सामने! वार्डर ही निकला नशा सप्लाई का आरोपी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 05:50 PM (IST)
अमृतसर (संजीव) : अमृतसर की केंद्रीय जेल में तैनात जेल वार्डर रोबिनप्रीत सिंह को जेल प्रशासन ने गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 79.40 ग्राम अफीम, 41.18 ग्राम काले रंग का नशीला पाऊडर, 93.32 ग्राम सफेद रंग का नशीला पाऊडर, 14 पीस कूल-लिप, 215 ग्राम तंबाकू, 205 पैकेट नशा स्नीफिंग पेपर, एक मोबाइल फोन व एक सिम कार्ड रिकवर हुआ। अतिरिक्त जेल सुपरिंटैंडैंट साहिब सिंह की शिकायत पर थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने जेल वार्डर रोबिनप्रीत सिंह पर केस दर्ज किया गया, जिसके बाद हुई जांच में यह बात सामने आई कि जेल वार्डर से रिकवर हुआ सामान जेल में बैठे हवालाती राहुल कुमार को सौंपा जाना था। पुलिस ने हवालाती राहुल को भी पर्चे में शामिल किया।
पंजाब केसरी द्वारा केंद्रीय जेल में बैठे हवालातियों से लगातार रिकवर हो रहे मोबाइल फोन व नशीले पदार्थों के पीछे बैठी काली भेड़ो को पहचानने व उन्हें पकड़ने के लिए प्रमुखता से मुद्दा उठाया था, जिसमें यह साफ किया गया था कि कड़ी सुरक्षा के बाद हवालातियों तक पहुंच रहे मोबाइल फोन, नशीले पदार्थों के पीछे केंद्रीय जेल में तैनात कुछ काली भेड़े काम कर रही है जिसके बाद हुई कार्रवाई में गत दिवस जेल वार्डर को गिरफ्तार किया गया। जेल वार्डर व हवालाती को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया कर रही है, जिसके बाद उन चेहरो के भी खुलासे होंगे जो गिरफ्तार जेल वार्डर का साथ दे रहे थे। फिलहाल जेल प्रशासन इसकी गहणता के साथ जांच कर रहा है।

