Chandigarh में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 02:25 PM (IST)
चंडीगढ़ : मंगलवार को मौसम में एक बार फिर बदलाव दर्ज किया गया। सुबह मौसम साफ रहने के बाद तेज धूप निकली और सुबह 10 बजे तक तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया। दोपहर 3 बजे तक हल्के बादल छाए रहे, लेकिन शाम 4 बजे के बाद आसमान काले बादलों से ढक गया।
शाम 7 बजे के बाद तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं और रात 8 बजे के बाद कई इलाकों में धूल भरी आंधी चलने लगी। इस बदलाव के बीच अधिकतम तापमान, जो 35 डिग्री की ओर बढ़ रहा था, वह 33.1 डिग्री से ज्यादा नहीं पहुंच पाया। वहीं सोमवार रात न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। 3 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद 3 और 4 अप्रैल को शहर में घने बादल, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।
अप्रैल का पहला सप्ताह फिलहाल गर्मी के असर से दूर रहेगा। मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

